जैकी श्रॉफ के बेटे और बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर अचानक कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें एक्टर बाल-बाल बचे. इस हमले में उनका ड्राइवर और एक शख्स घायल हुआ है. हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. अनिल पंडित नाम के गैंगस्टर ने ये हमला करवाया था, जो लॉरेंस बिश्नोई का खास गुर्गा बताया जाता है. पिछले कुछ सालों में इस गैंग ने ऐसे कई बड़े हमले किए हैं. भले ही ये गैंग लॉरेंस के नाम से ऐसे बड़े अपराधों को अंजाम दे रहा हो, लेकिन उनका सरगना यानी लॉरेंस बिश्नोई बेहद टाइट सिक्योरिटी में सारबमती जेल में बंद है. आज हम आपको बताएंगे कि लॉरेंस कैसे तिहाड़ से गुजरात की साबरमती जेल पहुंचा और वहां उससे मिलना कितना मुश्किल है.
साबरमती जेल में बंद है लॉरेंस
लॉरेंस बिश्नोई को गुजरात की साबरमती जेल में रखा गया है. इस जेल के दो हिस्से हैं, एक नई जेल और एक पुरानी जेल है. लॉरेंस को पुरानी जेल में रखा गया है. इस जेल में 10 कमरे हैं, लेकिन इनमें से 9 में कोई भी नहीं रहता है. सिर्फ लॉरेंस बिश्नोई ही इस पूरी जेल में रहता है. पिछले करीब तीन सालों से लॉरेंस इसी जेल में अकेला रह रहा है. ये जेल किसी किले से कम नहीं है, यहां उसकी सुरक्षा में सैकड़ों जवानों की तैनाती है और परिंदा भी पर नहीं मार सकता है. इसके अलावा जेल के इस खास हिस्से में किसी भी तरह का मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करता है.
तिहाड़ से पंजाब और फिर साबरमती जेल
लॉरेंस बिश्नोई पहले तिहाड़ जेल में बंद था, लेकिन पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाली की हत्या के बाद उसे पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई. इसके बाद 2023 में लॉरेंस पंजाब की भटिंडा जेल में बंद था. यहीं से उसने एक मीडिया चैनल को इंटरव्यू भी दिया और बताया कि उसे आसानी से फोन और बाकी सुविधाएं मिल जाती हैं. इसके तुरंत बाद गुजरात एटीएस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया.
साबरमती से नहीं निकल पाया लॉरेंस
2023 में लॉरेंस बिश्नोई को साबरमती जेल लाया गया था और इसके बाद आज तक उसे बाहर नहीं आने दिया गया. किसी भी राज्य की पुलिस को अगर लॉरेंस से पूछताछ करनी होती है तो इसके लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था की जाती है, या फिर उस राज्य की पुलिस को साबरमती जेल आकर ही पूछताछ करनी होती है. कोर्ट में भी पेशी इसी तरह होती है. इतना ही नहीं लॉरेंस के वकील को भी साबरमती जेल में उससे मिलने की इजाजत नहीं है. वकील भी सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही लॉरेंस से बात करता है.
लॉरेंस के खिलाफ इतने मामले हैं दर्ज
लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ पांच से ज्यादा राज्यों में करीब 80 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. इसमें हत्या, वसूली, जान से मारने की कोशिश और किडनैपिंग से जुड़े मामले हैं. तमाम राज्यों की अदालतों में ये मामले चल रहे हैं. यहां तक कि कई ऐसे मामले हैं, जिनमें अभी फैसला आना बाकी है. वहीं कुछ मामलों में उसे सजा सुनाई जा चुकी है. फिलहाल उसके नाम बड़े अपराधों की लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है. उसके कई साथी दुनिया के अलग-अलग देशों में बैठकर भारत में हत्या से लेकर बाकी तमाम तरह के क्राइम करवा रहे हैं.
यह भी पढ़ें | 'जब खून में लथपथ निकला टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर', चश्मदीद को लगा दीवाली के पटाखे फोड़ रहा है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं