- दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया
- प्रदर्शन में चार युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और बाकी की पहचान की जा रही है
- प्रदर्शनकारियों ने पीएम मोदी और ट्रंप की तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनकर नारेबाजी की और कार्यक्रम में हंगामा किया
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार को 'यूथ कांग्रेस' के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. समिट के बीच हुए इस प्रदर्शन से कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया. युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट खोलकर नारेबाजी की और 'पीएम इज कंप्रोमाइज' के नारे लगाए. आला सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत मंडपम में प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस से अब तक चार कार्यकर्ता गिरफ़्तार किए गए हैं.
उनका कहना है कि ये पूरी तैयारी से आए थे, इन्होंने रजिस्ट्रेशन भी कराया था. क्यूआर कोड भी लिया था. इनमें से चार को पकड़ लिया गया है, जबकि बाकी मौके से भाग गए. फेस रिकग्निशन (Facial Recognition) से उनकी पहचान की जा रही है. उन्हें भी गिरफ़्तार किया जाएगा.
जो गिरफ़्तार हुए उनके नाम :
1. कृष्णा हरि
राष्ट्रीय सचिव, भारतीय युवा कांग्रेस
2. कुंदन यादव
बिहार राज्य सचिव, भारतीय युवा कांग्रेस
3. अजय कुमार
उत्तर प्रदेश राज्य उपाध्यक्ष, भारतीय युवा कांग्रेस
4. नरसिम्हा यादव
राष्ट्रीय समन्वयक, भारतीय युवा कांग्रेस

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “उन्हें तुरंत हटा दिया गया और तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया. कानून-व्यवस्था की स्थिति को भंग करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी.”
युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे. वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं, तथा उन पर “इंडिया यूएस ट्रेड डील”, “एपस्टीन फाइल्स” और “पीएम इज़ कम्प्रोमाइज्ड” जैसे नारे लिखे थे.
कुछ प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट भी उतार दी. उनके विरोध प्रदर्शन के चलते वहां अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कुछ प्रतिभागियों और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई.

मौके पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने कहा कि इस “दुर्भाग्यपूर्ण घटना” के बाद हॉल के अंदर सुरक्षा और कड़ी की जाएगी. यह विरोध प्रदर्शन कुछ ही मिनटों तक चला, जिसके बाद समूह को हॉल से बाहर निकाल दिया गया. इस घटना ने मेहमानों और अन्य आगंतुकों को हैरान कर दिया, क्योंकि ‘एआई इम्पैक्ट समिट' के मद्देनजर यह अप्रत्याशित था.
ये भी पढ़ें: AI समिट में यूथ कांग्रेस के शर्ट उतार प्रदर्शन के बीच बोले पीयूष-देश आगे बढ़ता है तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है
यूथ कांग्रेस ने आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "एआई समिट के 'चमकदार मंच' के पीछे वास्तविक मुद्दों को दबाया नहीं जा सकता. जब देशहित से ऊपर कॉरपोरेट हित दिखाई दे और विदेश नीति में नरमी साफ नजर आए, तब विरोध कर्तव्य बन जाता है. इसीलिए भारतीय युवा कांग्रेस के जाबांज कार्यकर्ता भारत मंडपम पहुंचे, ताकि आवाज बुलंद हो और देश की अस्मिता पर हो रहे समझौते पर केंद्र सरकार को जवाब देना पड़े."
यह आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में हो रहा है, जिसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, वैश्विक एआई क्षेत्र के नेता, शिक्षाविद, शोधकर्ता और वैश्विक टेक कंपनियों के प्रमुख भाग ले रहे हैं.
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी के घर रची गई AI समिट को बदनाम करने की साजिश... कांग्रेस के शर्ट उतार प्रदर्शन पर BJP का बड़ा हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं