- ट्रंप ने US सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ फैसले को बेहद निराशाजनक और हास्यास्पद बताया है
- ट्रंप ने 10 प्रतिशत का नया ग्लोबल टैरिफ लागू करने के लिए जल्द कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की है
- ट्रंप ने कोर्ट पर विदेशी हितों से प्रभावित होने का आरोप लगाया और कहा कि उनके पास टैरिफ लगाने के और विकल्प हैं
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ संबंधी फैसले को 'बेहद निराशाजनक' बताया है. ट्रंप ने कहा कि टैरिफ संबंधी 'बेहद निराशाजनक' फैसला सुनाने वाले सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों पर उन्हें 'बेहद शर्म' आ रही है. इसके साथ ही ट्रंप ने 10 प्रतिशत का नया ग्लोबल टैरिफ घोषित किया. ट्रंप का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट में हार के बाद वह 10% ग्लोबल टैरिफ लागू करने के लिए कार्यकारी आदेश पर जल्द साइन करेंगे.
ट्रंप ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दुनिया के अन्य देश 'सड़कों पर नाच रहे हैं.अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस फैसले का विरोध करने वाले तीनों न्यायाधीशों को धन्यवाद दिया और कहा कि कई देश वर्षों से हमारा शोषण कर रहे थे, टैरिफ के जरिए हमने उस शोषण को खत्म किया था. कोर्ट के फैसले से वो खुशी से नाच रहे हैं. उन्होंने आगे कहा, "मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि वे ज्यादा देर तक नहीं नाचेंगे."
युद्ध रुकवाने का दावा
ट्रंप ने कहा कि टैरिफ की वजह से ही हमने 5 युद्ध रुकवाए. ये टैरिफ चलते रहेंगे. इसको लेकर किसी को शक नहीं होना चाहिए. मैंने टैरिफ का इस्तेमाल उन देशों के खिलाफ दंड के रूप में किया, जो अवैध रूप से हमारे देश में ड्रग्स भेजकर हमारे युवाओं को जहर दे रहे थे. ये सभी टैरिफ अभी भी लागू हैं.
विदेशी हितों से प्रभावित फैसला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को देश के सर्वोच्च न्यायालय पर "विदेशी हितों" से प्रभावित होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि न्यायालय विदेशी हितों से प्रभावित हुआ है." ट्रंप ने कहा, "हमारे पास विकल्प हैं, बेहतरीन विकल्प. हम अधिक धन अर्जित करेंगे और इससे हम और भी मजबूत बनेंगे. हम सैकड़ों अरब डॉलर अर्जित कर रहे हैं (और हम ऐसा करना जारी रखेंगे) ताकि आपको यह दिखाया जा सके कि यह फैसला कितना हास्यास्पद है."
जजों पर शर्म आती है
ट्रंप का कहना है कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ संबंधी फैसले से उन्हें 'और अधिक शक्ति' मिली है. ट्रंप ने इस फैसले को "बेहद निराशाजनक" और "हास्यास्पद" बताते हुए कहा कि उन्हें उन सुप्रीम कोर्ट जजों पर "बेहद शर्म" आती है, जिन्होंने उनके खिलाफ फैसला सुनाया, "क्योंकि उनमें हमारे देश के हित में सही काम करने का साहस नहीं था."
जजों को बताया देशद्रोही
दोपहर की प्रेस ब्रीफिंग में ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के बहुमत के बारे में कहा, "वे सिर्फ नाम के रिपब्लिकन हैं और कट्टर वामपंथी डेमोक्रेट्स के चमचे हैं." उन्होंने आगे कहा, "वे घोर देशद्रोही और हमारे संविधान के खिलाफ हैं." उन्होंने संकेत दिया कि मौजूदा कानून के तहत उनके पास अन्य टैरिफ लगाने का अधिकार है.
ये भी पढ़ेंः
ट्रंप टैरिफ पर US सुप्रीम कोर्ट ने कसा नकेल तो जानिए दुनिया के अन्य देशों ने क्या कहा
ट्रंप का टैरिफ गैर-कानूनी, US सुप्रीम कोर्ट ने दिया अमेरिकी राष्ट्रपति को बड़ा झटका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं