- सरकार ने देश के सभी एयरपोर्ट पर यात्रियों को सस्ते दामों में खाने-पीने की सुविधा देने का लक्ष्य रखा है
- उड़ान यात्रा कैफे की शुरुआत जनवरी में कोलकाता एयरपोर्ट से हुई, जहां चाय दस रुपये में मिलती है
- पुणे एयरपोर्ट पर केवल महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित उड़ान यात्रा कैफे को यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला
दूर से चमचमाते दिखते एयरपोर्ट अंदर से भले ही कितने भी खूबसरूत लगे लेकिन यहां चाय और कॉफी पीने के लिए भारी-भरकम रकम खर्च करनी होती है. ये रकम इतनी होती है कि इसके बारे में सुनकर ही कई लोग चौंक जाते हैं. लेकिन अब राहत की बात ये है कि सरकार की कोशिश है कि देश भर के सभी एयरपोर्ट पर यात्रियों को सस्ते दामों में चाय‑समोसा और अन्य खाने‑पीने की चीज़ें उपलब्ध कराई जा सकें.
हर एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्रा कैफे' खोलने का लक्ष्य
इसी उद्देश्य से इस साल के अंत तक हर एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्रा कैफे' खोलने का लक्ष्य रखा गया है. फिलहाल देश के कुछ चुनिंदा एयरपोर्ट पर यह सुविधा शुरू की जा चुकी है, जिनमें कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर और चेन्नई शामिल हैं. दरअसल, देश के कई हवाईअड्डों पर खाने‑पीने की चीज़ें बेहद महंगे दामों पर मिलती हैं। कुछ जगहों पर तो एक कप चाय के दाम 200 से 300 रुपये तक वसूले जाते रहे हैं.
इसको लेकर लगातार आवाज़ उठाई जा रही थी कि यात्रियों को एयरपोर्ट पर भी किफ़ायती दरों पर खान‑पान की सुविधा मिलनी चाहिए. इसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने उड़ान यात्रा कैफे खोलने का फैसला किया.
ये भी पढ़ें : एयरपोर्ट पर पानी, चाय-कॉफी से लेकर स्नैक्स तक मिलेगा इतना सस्ता, 'उड़ान यात्री कैफे' में यात्रियों को मिलेगी ये सुविधा
कोलकाता से हुई शुरुआत
इस योजना की शुरुआत पिछले साल जनवरी में कोलकाता एयरपोर्ट से की गई थी. यहां यात्रियों को 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में कॉफी, 10 रुपये में पानी की बोतल, 20 रुपये में समोसा और 20 रुपये में रसगुल्ला उपलब्ध कराया जा रहा है.
पुणे एयरपोर्ट कैफे की खास पहल
पुणे एयरपोर्ट पर खोले गए उड़ान यात्रा कैफे की एक खास बात यह रही कि इसमें केवल महिला कर्मचारियों को नियुक्त किया गया. इस पहल को यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला. नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू के अनुसार, सरकार की प्राथमिकता यह है कि यात्रियों को एयरपोर्ट पर किफ़ायती दामों में गुणवत्तापूर्ण खान‑पान सेवाएं मिलें। खाने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है और किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर उसे तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाता है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
ये भी पढ़ें : एयरपोर्ट्स पर अब 'उड़ान यात्री कैफे' में सस्ते दरों पर मिलेगा खाना, राघव चड्ढा ने संसद में उठाया था मुद्दा
मेन्यू में स्थानीय स्वाद भी शामिल
उड़ान यात्रा कैफ़े में कुल पांच आइटम रखे गए हैं. इनमें चाय/कॉफी, पानी और समोसे के साथ‑साथ एक स्थानीय व्यंजन को भी शामिल किया गया है, जैसे कोलकाता में रसगुल्ला, पुणे में वड़ा पाव यात्रियों को उपलब्ध कराया जा रहा है. मंत्रालय के अनुसार, इन कैफ़े को यात्रियों से ज़बरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और यहां का चाय‑समोसा काफी पसंद किया जा रहा है. हालांकि यह भी तय किया गया है कि हर एयरपोर्ट पर केवल एक ही उड़ान यात्रा कैफे खोला जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं