नई दिल्ली: अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ( Adani Defence & Aerospace) ने शनिवार को राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में स्वदेशी 'बघीरा AT1' (Bagheera AT1) एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल (ATGM) सिस्टम का सफल प्रदर्शन किया है. यह अत्याधुनिक मिसाइल सिस्टम 8 किलोमीटर तक की दूरी से बख्तरबंद लक्ष्यों को भेद सकता है, जो पारंपरिक ग्राउंड-लॉन्च ATGM की तुलना में लगभग दोगुनी रेंज प्रदान करता है. भारतीय सेना और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस परीक्षण को रक्षा क्षेत्र में निजी भागीदारी के बढ़ते योगदान के रूप में देखा जा रहा है.
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अनुसार, 'बघीरा AT1' को करीब 18 महीने की डिजाइन और विकास प्रक्रिया के बाद तैयार किया गया है. मिसाइल सिस्टम को भारतीय सेना की परिचालन जरूरतों, देश की भौगोलिक परिस्थितियों और विभिन्न जलवायु क्षेत्रों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है.

यह एक पूर्ण कॉम्बैट सिस्टम है, जिसमें मिसाइल, ऑटोमेटेड लॉन्चर, दिन और रात में काम करने वाले साइट्स (sights) शामिल हैं. IANS न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह 8 किमी दूर से दुश्मन के टैंक पर निशाना बना सकता है. यह जमीन से दागी जाने वाली आम एंटी-टैंक मिसाइलों (जिनकी रेंज लगभग 4 किमी होती है) की तुलना में दोगुनी दूरी तक मार कर सकता है. इसके ऑटोमेटेड लॉन्चर पर 4 मिसाइलें फायर करने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं, और वाहन में 8 अतिरिक्त मिसाइलें लोड की जा सकती हैं.
इस तरह, एक वाहन पर कुल 12 मिसाइलें ले जाई जा सकती हैं. 'बघीरा AT1' की खासियत इसकी लेजर-बीम गाइडेंस तकनीक है. रेडियो लिंक के बजाय लेजर बीम का उपयोग होने से इसे इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग के जरिए निष्क्रिय करना बेहद कठिन हो जाता है. आधुनिक युद्धों में जहां ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर की भूमिका बढ़ रही है, वहां यह तकनीक इसे अधिक प्रभावी बनाती है.

20 नवंबर को पोखरण में हुए 'नो कॉस्ट नो कमिटमेंट' (NCNC) प्रदर्शन के दौरान भारतीय सेना, सैन्य मामलों के विभाग (Department of Military Affairs) और रक्षा मंत्रालय (MoD) के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे. कंपनी ने बताया कि फिलहाल सेना में मुख्य रूप से दूसरी पीढ़ी की 'मिलान-2T' (Milan-2T) और 'कोंकर्स-M' (Konkurs-M) मिसाइलें शामिल हैं. ऐसे समय में 'बघीरा AT1' स्वदेशी रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें | अदाणी विंड ने रचा इतिहास, बनाई भारत की सबसे लंबी 91 मीटर वाली विंड टरबाइन ब्लेड, कम हवा में भी बनेगी बिजली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं