विज्ञापन
This Article is From May 08, 2021

कोरोना काल में कालाबाजारी चरम पर, दिल्ली के मशहूर 'खान चाचा' रेस्टोरेंट से मिले 96 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर

एक तरफ देश कोरोना महामारी में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है तो दूसरी तरफ बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य़ उपकरणों की जमाखोरी और कालाबाजारी सामने आ रही है.

कोरोना काल में कालाबाजारी चरम पर, दिल्ली के मशहूर 'खान चाचा' रेस्टोरेंट से मिले 96 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
दिल्ली पुलिस ने दो रेस्टोरेंट से 100 से ज्यादा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बरामद किए
नई दिल्ली:

एक तरफ देश कोरोना महामारी में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है तो दूसरी तरफ बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य़ उपकरणों की जमाखोरी और कालाबाजारी सामने आ रही है. शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने दो रेस्टोरेंट पर छापा मारकर 100 से ज्यादा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जब्त किए. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 96 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर ‘खान चाचा' रेस्टोरेंट से और नौ ऑक्सीजन कंसंट्रेटर ‘टाउन हॉल' रेस्टोरेंट से बरामद किए गए हैं. उन्होंने बताया कि दोनों रेस्टोरेंट खान मार्केट इलाके में हैं. अधिकारियों ने बताया कि 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटरकी बरामदगी साउथ दिल्ली की लोधी कॉलोनी से चार लोगों- गौरव, सतीश सेठी, विक्रांत और हितेश- की गिरफ्तारी के बाद हुई है जिनपर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की कालाबाजारी करने का आरोप है. इन ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को 16 हजार रुपये में खरीदकर 50 हजार रुपये में बेचा जा रहा था. 

उन्होंने बताया कि इन चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद 419 ऑक्सीजन सांद्रक जब्त किए गए हैं जिनकी कालाबाजारी की जानी थी. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के तौर हितेश ने बताया कि कालाबाजारी के लिए इन ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को इन रेस्टोरेंट में जमा कर रखा गया है जिसमें बाद पुलिस ने छापेमारी की यह कार्रवाई की और इन उपकरणों को बरामद किया. पुलिस ने बताया कि इन दोनों रेस्तरां के मालिक का नाम नवनीत कालरा है और उसकी मामले में भूमिका की जांच की जा रही है. कालरा का एक और रेस्तरां है जिसपर पुलिस ने बुधवार को छापेमारी की कार्रवाई कर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बरामद किए थे. 

पुलिस ने इससे पहले बताया था कि लोधी कॉलोनी के सेंट्रल मार्केट में बुधवार को नेगी जू रेस्टोरेंट खुला था. बाद में पुलिस ने पाया कि उसमें एक व्यक्ति बैठकर लैपटॉप के माध्यम से ऑक्सीजन सांद्रक का ऑनलाइन ऑर्डर ले रहा था. पुलिस छापेमारी में रेस्तरा परिसर से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के 32 डिब्बे, थर्मल स्कैनर और एन-95 मास्क का एक-एक डिब्बा मिला.  पुलिस उपायुक्त (दक्षिण दिल्ली) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया, ‘‘ चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है.''

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि छतरपुर में एक और गोदाम है जहां पर छापेमारी कर 387 और ऑक्सीजन सांद्रक बरामद किए गए जिन्हें कालाबाजारी कर ऊंचे दाम पर बेचा जा रहा था. 

इनपुट एजेंसी भाषा से भी 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Restaurant, Khan Chacha Restaurant, Oxygen Concentrator
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com