विज्ञापन

देश के 40% CM पर क्रिमिनल केस: ADR की रिपोर्ट में खुलासा, जानें किस राज्य के मुख्यमंत्री पर कितने मुकदमे

ADR ने अपने विश्लेषण में पाया है कि राज्य विधानसभाओं और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 54.42 करोड़ रुपये है. इन 30 मुख्यमंत्रियों में से 2 (7%) अरबपति हैं। जबकि 30 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 1,632 करोड़ रुपये है.

देश के 40% CM पर क्रिमिनल केस: ADR की रिपोर्ट में खुलासा, जानें किस राज्य के मुख्यमंत्री पर कितने मुकदमे
  • एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार देश के 30 मुख्यमंत्रियों में से 12 ने आपराधिक मामले घोषित किए हैं.
  • तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने 89 आपराधिक मामले घोषित किए जो सबसे अधिक हैं.
  • रिपोर्ट में बताया गया है कि 33 प्रतिशत मुख्यमंत्रियों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

चुनाव अधिकार संस्था एडीआर की एक नई रिपोर्ट के अनुसार देश के 30 मुख्यमंत्रियों में से 12 यानी 40 प्रतिशत ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अपने खिलाफ सबसे अधिक 89 मामले घोषित किए हैं, जबकि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने 47 मामले घोषित किए हैं.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर 5 केस
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने 19, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने 13 और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पांच मामले घोषित किए हैं. महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों देवेंद्र फडणवीस और सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चार-चार मामले, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने दो और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक मामला घोषित किया है.

33 प्रतिशत CM पर गंभीर आपराधिक मामले
यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है, जब सरकार तीन विधेयक लाई है, जिनमें गंभीर आपराधिक आरोपों में 30 दिनों के लिए गिरफ्तार किए गए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को हटाने का प्रावधान है. ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स' (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार, 10 यानी 33 प्रतिशत मुख्यमंत्रियों ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की घोषणा की है, जिनमें हत्या के प्रयास, अपहरण, रिश्वतखोरी और आपराधिक धमकी से जुड़े मामले शामिल हैं.

एडीआर ने कहा कि उसने राज्य विधानसभाओं और केंद्र शासित प्रदेशों के सभी 30 मौजूदा मुख्यमंत्रियों की ओर से खुद दिए गए हलफनामों का विश्लेषण किया है. यह डेटा उनके द्वारा अपना पिछला चुनाव लड़ने से पहले दायर किए गए हलफनामों से लिया गया है.

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ से ज़्यादा की संपत्ति
ADR ने अपनी ताज़ा रिपोर्ट -- "भारत के 27 राज्य विधानसभाओं और 3 केंद्रशासित प्रदेशों के वर्तमान मुख्यमंत्रियों का विश्लेषण 2025" में खुलासा किया है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ से ज़्यादा की संपत्ति (assets) के साथ देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं , जबकि अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू 332 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं.

सबसे अमीर मुख्यमंत्रियों की लिस्ट में कर्नाटक के मुख्यमंत्री Siddaramaiah 51 करोड़ की संपत्ति के साथ तीसरे सबसे अमीर हैं. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास सिर्फ 15 लाख की संपत्ति है और वो देश में सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं.

ADR ने अपने विश्लेषण में पाया है कि राज्य विधानसभाओं और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 54.42 करोड़ रुपये है. इन 30 मुख्यमंत्रियों में से 2 (7%) अरबपति हैं। जबकि 30 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 1,632 करोड़ रुपये है.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com