Quick Take
Summary is AI generated, newsroom reviewed.
दिल्ली में यमुना का पानी कुछ कम हुआ है। यमुना का जलस्तर आज सुबह 207.28 मीटर था, जो अभी कुछ घटकर 207.15 मीटर हो गया है।
दिल्ली के आईएसबीटी के पास बाहरी रिंग रोड पर यमुना का पानी आ जाने से लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यहां ट्रैफिक स्लो हो गया है।
प्रशासन ने सेना को तैयार रहने के लिए कहा है। यमुना सोमवार सुबह से ही खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिसके बाद निचले इलाकों में रहने वाले करीब 2000 लोगों को वहां से निकाला गया है।
उस्मानपुर, यमुना बाजार, भजनपुरा और शास्त्री पार्क से लोगों को निकालकर राहतकैंप में रखा गया है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए यमुना पर बने पुराने पुल को बंद कर दिया गया है, जो ईस्ट और सेंट्रल दिल्ली को जोड़ता है।
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा है कि वह बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार हैं। हम हर आधे घंटे में जानकारी ले रहे हैं।
साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लोगों की मदद के लिए मेडिकल टीम भेजी जाएंगी। उन्होंने माना कि कई जगह बिजली भी गुल रही, लेकिन इसे एक प्राकृतिक आपदा के तौर पर लिया जा रह है और कोशिश की जा रही है कि इस आपदा से निपटा जा सके।
यमुना में उफान की वजह से 50 ट्रेनों को रोक दिया गया है। ये सभी ट्रेनें यमुना पर बने पुराने पुल से होकर गुजरती हैं। उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, यमुना पुल पर दिल्ली से शाहदरा को जाने वाली सभी ट्रेनें दोपहर 12 बजे के बाद से बंद कर दी गई हैं।
नॉर्दन रेलवे ने यमुना में जलस्तर बढ़ने की वजह से कालका मेल, टाटा−अमृतसर−जम्मूतवी एक्सप्रेस और हरिद्वार एक्सप्रेस सहित 38 ट्रेनों को डाइवर्ट कर दिया है।
यमुना का जलस्तर बढ़ने से उस्मानपुर, गुरुद्वारा नानक पुरा, बदरपुर खादर और बेला फार्म इलाके की बिजली काट दी गई है। इन इलाकों में बीएसईएस पावर लिमिटेड बिजली की सप्लाई करती है। यह बिजली एहतियातन काट दी गई है ताकि पानी भरने पर करंट न फैले।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
यमुना, दिल्ली में बाढ़, दिल्ली का मौसम, हथिनीकुंड बैराज, यमुना का जलस्तर बढ़ा, Delhi Flood, Delhi Rain, Delhi Weather, Haryana, Hathinikund Barrage, New Delhi, Yamuna