यह ख़बर 01 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उ. भारत में मौसम का मिजाज बदला, ठिठुरन बढ़ी

खास बातें

  • उत्तर भारत के उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार रात से जारी बारिश ने ठंडक में और इजाफा कर दिया है।
नई दिल्ली:

उत्तर भारत के उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार रात से जारी बारिश ने ठंडक में और इजाफा कर दिया है। बारिश की वजह से रविवार को ठिठुरन बढ़ गई। जबकि पंजाब और हरियाणा में रविवार का मौसम अन्य दिनों की अपेक्षा गर्म रहा। राजधानी दिल्ली में रविवार शाम हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
वहीं, समुद्री तूफान ठाणे का असर मध्यप्रदेश में देखा गया है। इसकी वजह से राज्य में सर्द हवाएं चलने लगी हैं। श्रीनगर एवं लेह में तापमान गिरकर न्यूनतम स्तर पर आ गया है।
राजधानी दिल्ली में रविवार की सुबह से ही आसमान में बादल छा गए और शाम के वक्त हुई हल्की बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी। पिछले कुछ दिनों से धूप निकलने से राजधानीवासियों को ठंड से थोड़ी राहत मिली थी लेकिन रविवार को मौसम में आए इस बदलाव ने ठंड बढ़ा दी।  
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रुक-रुककर हो रही हल्की और मध्यम बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। बारिश के फुहारों के बीच सर्द हवाओं से ठिठुरन पैदा हो गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बारिश होने की संभावना जताई है।
लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला शनिवार देर रात से शुरू हुआ, जो रुक-रुककर लगातार जारी है। रविवार शाम साढ़े पांच बजे तक लखनऊ में 50.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से सात डिग्री कम था। राज्य में शनिवार को न्यूनतम तापमान इटावा में 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने रविवार को बताया, "कम दबाव का क्षेत्र बनने और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में अचानक बदलाव आया।" उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी।
मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में भी ठाणे चक्रवात का असर बने रहने के आसार हैं, इसके चलते सर्द हवाएं तो ठिठुराएंगी ही साथ में बारिश भी अपना असर दिखा सकती है। इस वजह से पूर्वी, उत्तरी व पश्चिमी हिस्से में रात में ठंड बढ़ सकती है।
राज्य में नव वर्ष की पूर्व संध्या से शुरू हुई बारिश ने जहां एक ओर नए वर्ष की मस्ती को किरकिरा किया, वहीं ठिठुरन ने रजाई व आग का सहारा लेने को मजबूर कर दिया। मौसम में अचानक आए बदलाव से अधिकांश इलाकों के आसमान पर बादलों का डेरा है और धूप भी खिलकर नहीं निकली। कई इलाकों में ओले भी गिरे हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में उत्तरी मध्य प्रदेश के अलावा कई संभागों में बारिश के साथ बर्फीली हवाएं चल सकती हैं। इसी के चलते पूर्वी, उत्तरी व पश्चिमी हिस्से में रात का तापमान गिर सकता है।
पंजाब एवं हरियाणा के ज्यादातर इलाके रविवार को अन्य दिनों की अपेक्षा थोड़ा गर्म रहे।
मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रविवार को अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि शनिवार को यह तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था, जबकि पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा के हिसार में रविवार सुबह का तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक राज्य के कुछ स्थानों पर अगले दो दिनों में बादल और धुंध छाए रह सकते हैं।
श्रीनगर एवं लेह में रात का तापमान गिरकर मौसम के न्यूनतम स्तर तक पहुंच गया। रविवार को घाटी के लोगों ने कड़ाके की सर्दी और कुहासे के बीच नववर्ष का स्वागत किया।
स्थानीय मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने बताया, "आज श्रीनगर एवं लेह में मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। श्रीनगर में तापमान शून्य से 4.9 डिग्री और लेह में शून्य से 18.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।" उन्होंने कहा, "गुलमर्ग और पहलगाम में तापमान क्रमश: शून्य से आठ डिग्री और सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com