यह ख़बर 06 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

हमारी जेलों में कोई पाक कैदी नहीं, जिसने सजा पूरी कर ली है : भारत

नई दिल्ली:

भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तान सरकार के उस दावे को खारिज कर दिया कि जेल की सजा पूरी कर लेने के बावजूद देश की विभिन्न जेलों में 25 पाकिस्तानी कैदी पड़े हुए हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने कहा, 'मुझे आपके समक्ष पुष्टि करने दें कि भारतीय जेलों में कोई पाकिस्तानी कैदी नहीं है जिसने सजा पूरी कर ली है और उसकी राष्ट्रीयता की पुष्टि (पाकिस्तान द्वारा) की गई है।' उन्होंने कहा कि जो लोग पाकिस्तान से भारतीय जेलों में हैं वे फिलहाल वह कैदी हैं जिनकी राष्ट्रीयता की या तो पाकिस्तान सरकार ने पुष्टि नहीं की है या जिसने अपनी न्यायिक सजा पूरी नहीं की है।

पाकिस्तान ने पिछले महीने कहा था कि कुल 484 पाकिस्तानी कैदी भारत की जेलों में बंद है जिसमें 25 वो कैदी हैं जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है।

भारत ने 30 मई को 32 मछुआरों और दो असैनिकों समेत 37 पाकिस्तानी कैदियों को रिहा किया था। पाकिस्तान ने भी इससे पहले 151 भारतीय कैदियों को रिहा किया था।

देश की विभिन्न जेलों में बंद कैदियों को वाघा सीमा पर पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंपा गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए भारत की यात्रा पर आने से पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने 150 मछुआरों, एक असैनिक और 57 नौकाओं समेत 151 भारतीय कैदियों को रिहा करने का आदेश दिया था।

भारतीय कार्यकर्ताओं के अनुसार फिलहाल तकरीबन 229 भारतीय मछुआरे और तकरीबन 780 भारतीय नौकाएं पाकिस्तान के कब्जे में हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा बल अक्सर भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करते हैं और अपने भू-भाग के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए उनकी नौकाएं जब्त कर लेते हैं।