विज्ञापन
This Article is From Aug 02, 2019

परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद की पत्नी रसूलन बीबी का निधन

वर्ष 1965 में भारत- पाकिस्तान युद्ध के हीरो रहे परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद की पत्नी रसूलन बीबी का शुक्रवार दोपहर निधन हो गया. 

परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद की पत्नी रसूलन बीबी का निधन
रसूलन बीबी (फाइल फोटो)
गाजीपुर:

वर्ष 1965 में भारत- पाकिस्तान युद्ध के हीरो रहे परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद की पत्नी रसूलन बीबी का शुक्रवार दोपहर निधन हो गया. वह 90 वर्ष की थीं. हमीद गाजीपुर के निवासी थे. पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि रसूलन बीबी बीमार चल रही थीं. उन्होंने आज दोपहर अंतिम सांस ली. उनको कल शनिवार को सुपुर्द ए खाक किया जाएगा. रसूलन बीबी के पति वीर अब्दुल हमीद भारत- पाक युद्ध में तीन पाकिस्तानी टैंक तोड़कर 10 सितंबर 1965 को युद्ध क्षेत्र में वीरगति पाए थे. रसूलन बीबी के परिवार में चार पुत्र, एक पुत्री, नाती और पोते हैं. उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने परमवीर चक्र विजेता (मरणोपरान्त) वीर अब्दुल हमीद की पत्नी रसूलन बीबी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है. 

जन्मदिन पर विशेष : 1965 की जंग में पाक के पेटन टैंक ध्‍वस्त कर शहीद हुए थे अब्‍दुल हमीद

उल्लेखनीय है कि 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान के टैंक को नष्ट करने वाले गाजीपुर जनपद के जाबांज अब्दुल हमीद को मरणोपरान्त भारत का सर्वोच्च शौर्य सैन्य अलंकरण ‘परमवीर चक्र' प्रदान किया गया था. राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल पटेल ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए दुःखी परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसूलन बीबी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों के साथ मनाई दिवाली, अब्दुल हमीद को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने कहा कि रसूलन बीबी वीर नारी थीं. उनके पति शहीद अब्दुल हमीद ने सन् 1965 के युद्ध में अदम्य साहस का परिचय दिया था, जिसके लिए उन्हें मरणोपरान्त देश के सर्वोच्च सैनिक सम्मान परमवीर चक्र से अलंकृत किया गया था. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है कि शहीद अब्दुल हमीद जनपद गाजीपुर के निवासी थे. मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.     

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Abdul Hamid, Rasoolan Bibi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com