विज्ञापन
This Article is From May 10, 2020

कांग्रेस की सहमति के बाद महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में उद्धव ठाकरे का निर्विरोध चुना जाना तय

पहले कांग्रेस ने दो प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की थी लेकिन अब वह एक उम्मीदवार पर सहमत हो गई

कांग्रेस की सहमति के बाद महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में उद्धव ठाकरे का निर्विरोध चुना जाना तय
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो).
मुंबई:

महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ सीटों के लिए 21 मई को होने वाले चुनाव में कांग्रेस दो की बजाय एक प्रत्याशी खड़ा करने पर शनिवार को सहमत हो गई. इसके साथ ही राज्य विधायिका के उच्च सदन में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे समेत अन्य प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है. कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, पार्टी जालना जिला परिषद के सदस्य राजेश राठौड़ को प्रत्याशी के रूप में खड़ा करेगी.

इससे पहले कांग्रेस ने दो प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की थी लेकिन अब वह एक उम्मीदवार पर सहमत हो गई है जिसके बाद ठाकरे का विधान परिषद में जाने का रास्ता साफ हो गया है.
विधान परिषद के वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 24 अप्रैल को समाप्त होने के बाद नौ सीटें खाली हो गई थीं. सत्ताधारी गठबंधन महा विकास आघाडी ने अब तक राठौड़ समेत पांच उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है.

विपक्षी दल भाजपा ने शुक्रवार को अपने चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी. ठाकरे राज्य विधायिका के किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं. शिवसेना ने ठाकरे के अतिरिक्त विधान परिषद की वर्तमान उपाध्यक्ष नीलम गोर्हे को प्रत्याशी बनाया है.

राकांपा की ओर से शशिकांत शिंदे और अमोल मितकारी उम्मीदवार हैं. भाजपा की ओर से रंजीत सिंह मोहिते पाटिल, गोपीचंद पडलकर, प्रवीण दटके और अजित गोपछाड़े उम्मीदवार हैं.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uddhav Thackeray, Maharashtra, Legislative Council Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com