उत्तर प्रदेश में एटा जिले के बागवाला क्षेत्र में तीन व्यक्तियों ने दो सगी बहनों से कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया।
पुलिस सूत्रों ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से शुक्रवार को बताया कि 14 तथा 15 साल की दो सगी बहनें गुरुवार को चक्की पर गेहूं पिसाने गई थीं। लौटते वक्त रास्ते में पड़ने वाले जंगली इलाके में तीन लोगों ने दोनों किशोरियों को पकड़ा और उनसे कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आगरा जोन के पुलिस महानिरीक्षक आशुतोष पाण्डेय ने आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले पुलिस दल को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
यूपी में गुरुवार के बाद से बलात्कार के कम से कम चार मामले सामने आए हैं। चार पीड़ितों में दो बहनों समेत तीन किशोर वय की तथा फिरोजाबाद की एक छह-वर्षीय बच्ची शामिल है।
पुलिस ने बताया कि फिरोजाबाद के फारिहा क्षेत्र में नाबालिग लड़की से कथित तौर पर उसके पड़ोसी ने तब बलात्कार किया, जब वह अपने घर के पास खेल रही थी। उसी समय आरोपी उसे ले गया और बाद में उसके साथ बलात्कार किया। लड़की के परिवार के लोगों को इस घटना की जानकारी तब मिली, जब वह बुरी हालत में घर पहुंची।
सर्किल अधिकारी शैलेंद्र भरद्वाज ने कहा कि परिवार के लोगों ने थाने में इस बारे में शिकायत और एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि आरोपी को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है।
एक अन्य घटना में महाराजगंज जिले में एक किशोरी के साथ उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर बलात्कार किया। उन्होंने कहा कि यह घटना उस समय घटी तब 13-वर्षीय लड़की अपने घर में अकेली थी और उसके पड़ोसी मजहर ने जबर्दस्ती घर में घुस कर बलात्कार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं