यह ख़बर 11 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

जम्मू में पाकिस्तान रेंजर्स की गोलीबारी, दो जवान और दो महिलाएं घायल

श्रीनगर:

जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की तरफ से भारतीय सीमा में सोमवार को गोलीबारी की गई, जिसमें दो भारतीय जवान और दो महिलाएं घायल हो गईं।  

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के आरएस पुरा सेक्टर के चार स्थानों पर गोलीबारी की, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल बिश्नोई घायल हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, पाकिस्तान रेंजर्स ने जोहरा पोस्ट, नोवा पिंड, जोग्ना चाक और टेंट पोस्ट पर गोलीबारी की।

अधिकारी ने बताया, स्थानीय समयानुसार तड़के 4.15 बजे गोलीबारी शुरू हुई और अभी भी जारी है। बीएसएफ ने पाकिस्तान की गोलीबारी का प्रभावी जवाब दिया। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में सुहाग गांव की दो महिलाएं रानी देवी और रितु कुमार भी घायल हुई हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पाकिस्तानी सैनिकों ने रविवार को पुंछ जिले के मेंढर इलाके में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया था।