यह ख़बर 22 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

येदियुरप्पा की वापसी के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने हरी झंडी दिखाई

बेल्लारी:

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की संगठन में वापसी को हरी झंडी दे दी है। यह जानकारी राज्य पार्टी के वरिष्ठ नेता केएस ईश्वरप्पा ने दी।

ईश्वरप्पा ने कहा, 'केंद्रीय नेतृत्व ने हरी झंडी दे दी है, वह (येदियुरप्पा) जल्द ही (भाजपा में) लौटेंगे।' पार्टी की राज्य इकाई हाल-फिलहाल तक येदियुरप्पा की वापसी का विरोध कर रही थी।

ईश्वरप्पा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी में लौटने के लिए कोई मांग नहीं की है। उन्होंने कहा, 'येदियुरप्पा ने कहा है कि वह एक ही एजेंडा के साथ पार्टी में लौटेंगे कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है, हम इसका स्वागत करते हैं।'

येदियुरप्पा ने करीब एक वर्ष पहले भाजपा छोड़ दी थी और कर्नाटक जनता पक्ष (केजेपी) का गठन किया था। उन्होंने भी पार्टी में लौटने के संकेत दिए हैं।

केजेपी ने कर्नाटक में मई में हुए विधानसभा चुनावों में दस फीसदी वोट पाया था और दक्षिण भारत में भाजपा की पहली सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया था। बहरहाल केजेपी को महज छह सीटें मिलीं जिससे इसकी अलग पहचान नहीं बन सकी।

ईश्वरप्पा ने कहा कि उन्होंने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से बीएसआर कांग्रेस के नेता बी श्रीरामुलू के भाजपा में लौटने पर भी चर्चा की है। श्रीरामुलू ने भी भाजपा से अलग होकर अपनी पार्टी बनाई थी। मई चुनावों में इसे चार सीटें मिली थीं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने श्रीरामुलू के लौटने के बारे में अभी कोई संकेत नहीं दिया है।