विज्ञापन
This Article is From Feb 13, 2021

TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने दिल्ली पुलिस प्रमुख को लिखा पत्र, कहा - ''मेरे घर आने-जाने वालों की...''

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में अपने घर पर तीन सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का यह कहकर विरोध किया कि कहीं उनकी निगरानी के लिए तो ऐसा नहीं किया गया है.

TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने दिल्ली पुलिस प्रमुख को लिखा पत्र, कहा - ''मेरे घर आने-जाने वालों की...''
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा - फाइल फोटो
नई दिल्ली:

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में अपने घर पर तीन सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का यह कहकर विरोध किया कि कहीं उनकी निगरानी के लिए तो ऐसा नहीं किया गया है. इसके साथ ही TMC सांसद ने दिल्ली पुलिस प्रमुख को पत्र लिखकर इन सुरक्षाकर्मियों को वापस बुलाने को कहा है.

दिल्ली पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव को लिखे पत्र में सांसद ने कहा कि बाराखंबा थाने के प्रभारी 12 फरवरी को उनके आवास पर उनसे मिलने आए थे, और उसके कुछ ही देर बाद असॉल्ट राइफल धारी सीमा सुरक्षाबल के तीन जवानों को उनके घर के बाहर तैनात कर दिया गया. उन्होंने कहा, ‘‘मेरे घर आने वाले और यहां से जाने वालों की गतिविधि पर उनकी नजर है, और मुझे ऐसा प्रतीत होता है कि मेरी निगरानी की जा रही है.''

सांसद ने कहा, ‘‘मैं आपको याद दिलाना चाहती हूं कि निजता का अधिकार एक मौलिक अधिकार है, और इस देश का नागरिक होने के नाते भारत का संविधान मुझे इसकी गारंटी देता है.'' उन्होंने कहा, ‘‘पड़ताल करने पर मुझे पता चला कि इन सशस्त्र अधिकारियों की तैनाती मेरी सुरक्षा के लिए बाराखंबा रोड पुलिस थाने द्वारा की गई है.''

सांसद ने कहा, ‘‘हालांकि, इस देश का साधारण नागरिक होने के नाते, न तो मैंने ऐसी सुरक्षा मांगी है और न ही मैं चाहती हूं. इसलिए आपसे आग्रह है कि इन सुरक्षा अधिकारियों को आप वापस बुला लें.''

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
TMC, Mahua Moitra, Delhi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com