'भारत माता की जय' से आपत्ति रखने वालों के लिए भी है सरकार : नायडू

'भारत माता की जय' से आपत्ति रखने वालों के लिए भी है सरकार : नायडू

केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को कहा कि सरकार देश में परिवर्तन के लिए सुधार लाने को प्रतिबद्ध है, जिससे 'भारत माता की जय' से आपत्ति रखने वालों सहित सभी वर्ग लाभांवित हों।

नायडू ने यहां 43वें स्कॉच सम्मेलन के इतर कहा, 'प्रधानमंत्री भारत में परिवर्तन के इच्छुक हैं। इसी कारण मैं कहता हूं कि प्रदर्शन दिखाएं और परिवर्तन लाएं। पीएम मोदी देश को परिवर्तित करना चाहते हैं। देश का मतलब है सभी भारतीय जिसमें वे भी शामिल हैं जिन्हें 'भारत माता की जय' से समस्या है।'

उन्होंने कहा 'सुधार समय की जरूरत है।' उन्होंने कहा, 'सरकार सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है।' उन्होंने लाभ गिनाते हुए कहा कि यह 'गरीब लोगों की मदद करता है, वितरण प्रणाली सुधारता है, आर्थिक प्रगति बढ़ाता है, सब्सिडी के बेहतर उपयोग में मदद करने के साथ ही समाज के कमजोर वर्गों की बेहतर देखभाल करता है।' इससे पहले नायडू को स्कॉच चैलेंजर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया।

बीजेपी नेता नायडू ने गुरुवार को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और महाराष्ट्र से पार्टी विधायक वारिस पठान को 'भारत माता की जय' उद्घोष पर उनकी आपत्तियों के लिए आड़े हाथ लिया था।

उन्होंने कहा था, 'मुझे समझ में नहीं आता कि लोगों को 'भारत माता की जय' कहने में आपत्ति क्यों है। इसमें कोई धार्मिक संकेतार्थ नहीं हैं। यह किसी भी धर्म से संबंधित नहीं है। मुझे समझ में नहीं आता कि इसमें गलत क्या है।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)