विज्ञापन
This Article is From Mar 14, 2013

श्रीलंका ने 53 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया, श्रीलंकाई राजनयिक तलब

कोलंबो / नई दिल्ली: श्रीलंका की नौसेना ने बीते 24 घंटों के दौरान कुल 53 भारतीय मछुआरों को अपने जलक्षेत्र में कथित तौर पर दाखिल होने के मामले में गिरफ्तार किया है। इसको लेकर भारत सरकार ने गुरुवार को दिल्ली में श्रीलंका के उप-उच्चायुक्त को तलब किया।

जाफना जिले में डेल्फ के निकट आज 34 भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी की गई। श्रीलंका की नौसेना ने कहा है कि श्रीलंकाई जलक्षेत्र में दाखिल होने के लिए इन मछुआरों को स्थानीय पुलिस के हवाले किया जाएगा।

श्रीलंकाई नौसेना ने बुधवार को 19 मछुआरों को गिरफ्तार किया था। इन मछुआरों की गिरफ्तारी मन्नार तट के निकट की गई थी। इन मछुआरों को तलैमनार पुलिस के हवाले किया गया है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। इस मामले पर दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने श्रीलंका के उप-उच्चायुक्त को तलब किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने बताया कि श्रीलंकाई उप उच्चायुक्त से कहा गया है कि भारतीय मछुआरों के साथ मानवीय ढंग से व्यवहार किया जाए और श्रीलंकाई नौसेना को उनके खिलाफ कार्रवाई करने में संयम बरतना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उप-उच्चायुक्त से यह भी कहा गया कि श्रीलंका को भारतीय मछुआरों की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारत, श्रीलंका, भारतीय मछुआरे, उच्चायुक्त, Srilanka, Indian Fishermen, India, High Commissioner