विज्ञापन
This Article is From Sep 22, 2018

पीएम नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर बरसीं स्मृति ईरानी

राहुल ने कहा था- देश का “चौकीदार” “चोर” है, केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा- राहुल गांधी निम्न स्तर की राजनीति कर रहे हैं

पीएम नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर बरसीं स्मृति ईरानी
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी (फाइल फोटो).
  • राहुल ने एक जनसभा में स्पष्ट तौर पर मोदी को निशाना बनाया था
  • राहुल ने कहा था- गली-गली में शोर है, हिन्दुस्तान का चौकीदार चोर है
  • स्मृति ने कहा- निम्न स्तर की राजनीति का उदाहरण पेश कर रहे हैं राहुल
सूरत: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमलों के एक दिन बाद केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को कहा कि राहुल गांधी निम्न स्तर की राजनीति कर रहे हैं.

गुरुवार को राहुल गांधी ने राजस्थान के डूंगरपुर जिले में एक जनसभा में स्पष्ट तौर पर मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा था कि अब लोगों को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि देश का “चौकीदार” “चोर” है. गांधी ने याद दिलाया कि मोदी ने कहा था कि वह देश के प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि इसके ‘चौकीदार’ बनना चाहते हैं. आदिवासी बहुल सागवाड़ा में एक रैली में गांधी ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर मोदी की चुप्पी और भगोड़े कारोबारी विजय माल्या को वापस लाने में सरकार की विफलता की ओर इशारा करते हुए कहा, “गली-गली में शोर है, हिन्दुस्तान का चौकीदार चोर है.”    

यह भी पढ़ें : आखिर राहुल गांधी ने क्यों कहा- नरेंद्र मोदी की हुकूमत में तानाशाही अब एक पेशा बन गई है

ईरानी ने कहा कि गुरुवार को गांधी द्वारा की गई टिप्पणियां उनकी परवरिश को दर्शाती हैं. उन्होंने एक कार्यक्रम से इतर यहां संवाददाताओं से कहा, “इस तरह की टिप्पणी कर वह निम्न स्तर की राजनीति का उदाहरण पेश कर रहे हैं. एक तरफ वह प्रधानमंत्री को गले लगाते हैं और प्रेम की राजनीति की बात करते हैं. लेकिन प्रधानमंत्री पर की गई उनकी टिप्पणी साबित करती है कि उनमें संसद के साथ-साथ देश के सामने भी झूठ बोलने की क्षमता है.”    

VIDEO : राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी को निशाना बनाया

ईरानी यहां तीन दिवसीय प्रदर्शनी “सोर्स इंडिया 2018” का उद्घाटन करने पहुंची थीं.
(इनपुट भाषा से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Smriti Irani
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com