विज्ञापन
This Article is From Jan 18, 2026

'टीवी एक्टर्स को नजरअंदाज' करने वाली धारणा पर बोले रवि किशन, स्मृति ईरानी का दिया उदाहरण

भाबीजी घर पर है फिल्म में नजर आ रहे एक्टर रवि किशन ने हाल ही में 'टीवी एक्टर्स को नजरअंदाज' करने वाली धारणा नकारा है. 

'टीवी एक्टर्स को नजरअंदाज' करने वाली धारणा पर बोले रवि किशन, स्मृति ईरानी का दिया उदाहरण
रवि किशन ने टीवी एक्टर्स पर कही ये बात
नई दिल्ली:

लोकप्रिय टीवी शो 'भाभीजी घर पर हैं' लंबे समय से दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाए हुए है. इस शो के किरदार, डायलॉग्स और हल्की-फुल्की कॉमेडी हर वर्ग को पसंद आती रही है. अब इसी मशहूर टीवी शो को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी की जा रही है. जल्द ही 'भाभीजी घर पर हैं' नाम से ही एक फिल्म रिलीज होने वाली है, जिसमें जाने-माने अभिनेता और सांसद रवि किशन एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आएंगे. फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर रवि किशन ने न सिर्फ फिल्म को लेकर अपनी बात रखी, बल्कि टीवी कलाकारों को मिलने वाले सम्मान और उनके भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर भी खुलकर बात की. 

ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान जब मीडिया ने रवि किशन से सवाल किया कि आज भी टीवी कलाकारों को उतना सम्मान और पहचान क्यों नहीं मिल पाता जितना बॉलीवुड या दूसरी इंडस्ट्री के कलाकारों को मिलता है, तो इस पर जवाब देते हुए रवि किशन ने स्मृति ईरानी का नाम उदाहरण के तौर पर लिया. उन्होंने कहा, ''स्मृति ईरानी एक समय पर टीवी की बहुत बड़ी अभिनेत्री थीं और उन्होंने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' जैसे सुपरहिट शो में काम किया. बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और आज वह देश की बड़ी नेता हैं. भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मृति ईरानी को बड़ा अवसर दिया और वह आज केंद्रीय मंत्रिमंडल में एक अहम मंत्री हैं. इससे साफ है कि टीवी कलाकारों को भी अगर सही मौका मिले, तो वे ऊंचे पदों तक पहुंच सकते हैं.''

उन्होंने आगे कहा, ''केवल स्मृति ईरानी ही नहीं, बल्कि कई ऐसे टीवी कलाकार हैं जिन्होंने आगे चलकर फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमाया और यहां तक कि राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीते. कुछ टीवी कलाकार सांसद बने, कुछ विधायक बने. टीवी इंडस्ट्री से आने वाले कलाकारों के लिए आगे बढ़ने के रास्ते कभी बंद नहीं हुए. मेहनत और सही समय पर सही अवसर मिलने से टीवी कलाकार भी हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकते हैं.''

रवि किशन ने कहा, ''टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले कई कलाकार ऐसे हैं, जो छोटे-छोटे रोल करते हैं और आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति में रहते हैं. इन्हीं कलाकारों को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाया गया है, संसद में एक प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया गया है, जिसका उद्देश्य ऐसे कलाकारों की मदद करना है.''

रवि किशन ने बताया कि इस बिल के जरिए सरकार से मांग की गई है कि उन कलाकारों के लिए पेंशन जैसी योजना लाई जाए, जो जिंदगी भर छोटे रोल करते रहे हैं और बुढ़ापे में उनके पास आय का कोई साधन नहीं होता. उन्होंने कहा, ''कई बार ऐसे कलाकारों के पास रहने के लिए घर तक नहीं होता, इसलिए उन्हें जमीन या मकान देने जैसी योजनाओं पर भी विचार किया जाना चाहिए.''

उन्होंने कहा कि फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार होते हैं, जिन्हें कभी-कभी सिर्फ एक डायलॉग बोलने का मौका मिलता है. काम खत्म होने के बाद उनके सामने रोजगार और पैसे की बड़ी समस्या खड़ी हो जाती है. ऐसे कलाकारों के लिए उन्होंने संसद में आवाज उठाई है. रवि किशन के अनुसार, यह बिल संसद में पेश हो चुका है और आने वाले समय में इस पर चर्चा होगी. अगर यह बिल पास होता है, तो हजारों कलाकारों को इससे सीधा फायदा मिल सकता है. 

रवि किशन ने कहा, ''मनोरंजन जगत के ये कलाकार भी समाज का अहम हिस्सा हैं और दर्शकों के मनोरंजन के लिए अपनी जिंदगी लगा देते हैं. ऐसे में सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाए.'' फिल्म के बारे में रवि किशन ने कहा कि 'भाभीजी घर पर हैं' के जरिए जहां एक ओर दर्शकों को हंसी और मनोरंजन मिलने वाला है, वहीं रवि किशन की यह पहल टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकती है.'' 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ravi Kishan, Ravi Kishan On Tv Actors, Smriti Irani, Ravi Kishan Movies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com