स्वयंभू धर्मगुरु राधे मां पर दहेज प्रताड़ना और अश्लीलता फैलाने का आरोप

स्वयंभू धर्मगुरु राधे मां पर दहेज प्रताड़ना और अश्लीलता फैलाने का आरोप

मुंबई:

स्वयंभू धर्मगुरु राधे मां एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उन पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगा है। इसके अलावा उनके ही भक्त परिवार से जुड़ी एक महिला ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया है।

देश के ग्लैमरस धर्म गुरुओं में से एक है राधे मां। वह मूल रूप से पंजाब के गुरदासपुर की रहने वाली हैं, लेकिन मुंबई में उनके भक्तो की लंबी फेहरिस्त है और काफी मशहूर भी हैं। वैसे तो राधे मां अपने पारंपरिक परिधान और गहनों से लदी रहती हैं, लेकिन आजकल नए अवतार में भी दिख रही हैं।

इसके अलावा फिल्मी गाने पर उनके डांस का वीडियो भी इन दिनों इंटरनेट पर खूब चल रहा है। मुंबई की एक वकील फाल्गुनी ब्रम्हभट्ट ने तो राधे मां पर अश्लीलता परोसने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत भी की है।

इसके अलावा कांदीवली पुलिस थाने में राधे मां के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता एक 32 साल की विवाहिता है। उसके सास-ससुर राधे मां के अनुयायी हैं। विवाहिता का आरोप है कि राधे मां ने ही उनके सास-ससुर को दहेज मांगने के लिए उकसाया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राधे मां धर्मगुरु बनने से पहले सुखविंदर कौर के नाम से जानी जाती थीं। मुंबई में एम एम मिठाईवाला के संपर्क में आने के बाद बोरीवली में एक आलीशान बंगला उनका ठिकाना बन गया है। गुप्ता परिवार की विज्ञापान कंपनी के होर्डिंगों पर राधे मां की तस्वीरें शहर भर में छाई रहती हैं। राधे मां इसके पहले 2012 में भी विवादों में आई थीं।