यह ख़बर 07 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

सैफ अली खान से वापस लिया जाएगा पद्मश्री सम्मान?

नई दिल्ली:

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान से पद्मश्री का सम्मान वापस लिया जा सकता है। मुंबई की एक अदालत में सैफ पर आरोप तय होने के बाद उनसे पद्मश्री वापस लेने की मांग पर सरकार विचार-विमर्श कर रही है।

सैफ पर फरवरी, 2012 में मुंबई के एक रेस्टोरेंट में दक्षिण अफ्रीका के एक कारोबारी से हाथापाई के मामले में मुंबई की एक अदालत ने मार्च, 2014 में उनके खिलाफ आरोप तय किए थे।

आरटीआई कार्यकर्ता एससी अग्रवाल ने बीते 14 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्रालय के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी और खान से पद्मश्री वापस लिए जाने की मांग की थी। उनका कहना है कि मुंबई की एक अदालत ने एक रेस्तरां में झगड़े के मामले में सैफ के खिलाफ आरोप तय किए हैं, ऐसे में उनसे यह पुरस्कार छीन लिया जाना चाहिए।

उनकी शिकायत की स्थिति के बारे में जानने के लिए दायर आरटीआई आवेदन के जवाब में गृह मंत्रालय ने कहा कि मामले की छानबीन चल रही है। सैफ अली खान को साल 2010 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com