Jaipur:
अन्ना हजारे टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे राजेंद्र सिंह का कहना है कि हजारे अपने मकसद से भटक गए हैं और टीम अन्ना घमंडियों का दल हैं। उसमें अच्छे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। राजेंद्र सिंह ने कहा कि अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन आरंभ करने से पहले यह तय किया था कि अभियान राजनीतिक नहीं होगा। इसके बावजूद हिसार चुनाव में अन्ना हजारे ने भ्रष्ट उम्मीदवार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब अन्ना हजारे ने हिसार में राजनैतिक उम्मीदवार का समर्थन किया, मैं नरोबी में था। इस अभियान के राजनीतिक होते ही मैंने टीम अन्ना से अलग होने का फैसला कर लिया। मैं सत्ता की दलाली में भागीदार नहीं बनना चाहता। 'जल पुरुष' के रूप में चर्चित राजेंद्र सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ दिल्ली में हुए आंदोलन को मीडिया की मदद से अच्छा समर्थन मिला, जिससे टीम अन्ना के सदस्य घमंडी हो गए हैं। उन्होंने कहा कि टीम अन्ना में सबसे खराब सदस्य किरण बेदी और अरविंद केजरीवाल हैं। दोनों घमंडी हैं, दोनों अधिकारी रहे हैं, इसलिए लोगों पर रौब झाड़ना और अपनी बात थोपना उनकी आदत रही है। टीम अन्ना में अब अच्छे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
राजेंद्र सिंह, टीम अन्ना, अन्ना हजारे