विज्ञापन
This Article is From Aug 30, 2017

मुंबई में बारिश का कहर: 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत, रेड अलर्ट घोषित

मुंबई में बारिश का कहर जारी है. तेज बारिश से यहां अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है. मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है. 

मुंबई में बारिश का कहर: 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत, रेड अलर्ट घोषित
मुंबई में 300 एमएम बारिश दर्ज की गई है जोकि सामान्य से 10 गुना अधिक है
  • विक्रोली में दो घरों के ढहने से दो बच्चों सहित तीन व्यक्तियों की मौत
  • थाणे में भारी बारिश के कारण एक महिला और एक बच्ची की मौत
  • KEM अस्पताल भरा पानी, मरीज दूसरी मंजिल पर शिफ्ट करने पड़े
मुंबई: मुंबई में बारिश का कहर जारी है. तेज बारिश से यहां अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है. मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है. यहां मंगलवार को कई इलाकों में 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो कि सामान्य से 10 गुना अधिक है. महाराष्ट्र सरकार ने सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है. 

पढ़ें: बारिश से बेहाल मुंबई में रेड अलर्ट: सीएम देवेंद्र फडणवीस की अपील- 'जल्दी घर लौटें मुंबईकर'

जानकारी के मुताबित, उपनगर विक्रोली में दो घरों के ढहने से दो बच्चों सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई. पहली घटना पहाड़ी सूर्य नगर की है जहां ऊंचाई पर स्थित एक मकान नीचे वाले घर पर गिर पड़ा जिसमें डेढ़ साल का निखिल, 40 वर्षीय सुरेश अर्जुन प्रसाद मौर्य और किरण बेबी पाल (25) फंस गए. उन्हें पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां निखिल और सुरेश अर्जुन की भर्ती होने से पहले ही मौत हो गई. एक अन्य घटना में विक्रोली पार्कसाइट के पहाड़ी वर्षानगर में एक दीवार एक घर पर गिर गई जिसमें दो वर्षीय कल्याणी जनगम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके पिता गोपाल जनगम और मां छाया जनगम जख्मी हो गईं. थाणे में भी भारी बारिश के कारण एक महिला और एक बच्ची की मौत की ख़बर है. 

वहीं भारी बारिश की मार मुंबई वालों के साथ मुंबई के अस्पतालों को भी झेलनी पड़ रही है. बीएमसी द्वारा संचालित केईएम अस्पताल में भी आज पानी भर गया जिस वजह से बाल चिकित्सा वार्ड के मरीजों को पहली और दूसरी मंजिल पर स्थानांतरित करना पड़ा.

भारी बारिश के चलते मुंबई में यातायात, चाहे वह हवाई हो या फिर रेल, बुरी तरह प्रभावित हुआ है. यहां से 10 उड़ाने रद्द कर दी गई हैं. कई उड़ानों के रूट बदल दिए गए हैं. सड़कें तो पूरी तरह पानी में डूबी हुई हैं. अधिकतर स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं. रेल यातायात भी चौपट हो गया है. राज्य सरकार ने सभी स्कूल-कॉलजों को बंद रखने की ऐलान किया है. 200 से अधिक स्थानों पर पेड़ गिरने तथा कई स्थानों पर बिजली के खंबे गिर गए हैं. कई जगहों से शॉर्ट सर्किट के भी समाचार मिले हैं. 
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, घरों से न निकलें. सरकार ने किसी भी गंभीर हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 10 टीमें विभिन्न जगहों पर तैनात की हैं.  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के वर्तमान हालात पर चिंता जाहिर की है. एक ट्वीट संदेश में उन्होंने लोगों से घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में केंद्र, राज्य सरकार के साथ है और हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी.

उधर, गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर हालात का जायजा लिया. 

(इनपुट भाषा से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rain In Mumbai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com