विज्ञापन
This Article is From Jul 08, 2011

सारे भ्रष्टाचारी जेल पहुंच गए हैं : राहुल

यूपी में पदयात्रा कर रहे राहुल ने यूपीए सरकार में भ्रष्टाचार को लेकर किसानों के सवालों का दो टूक जबाव दिया और कहा, अखबार पढ़िए सारे लोग जेल में हैं।
देवका / गंगोली (अलीगढ़): उत्तर प्रदेश में पदयात्रा कर रहे कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने यूपीए सरकार में भ्रष्टाचार को लेकर किसानों के सवालों का दो टूक जबाव दिया। राहुल गांधी ने कहा कि अखबार पढ़िए सारे लोग जेल में हैं। महाराष्ट्र वाले भी जेल में हैं। राहुल ने शुक्रवार को यह भी कहा कि दिल्ली और लखनऊ में बैठकर जमीनी हकीकत का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। अलीगढ़ के गरोला गांव में किसानों से बात करते हुए राहुल ने कहा कि उनके बीच आकर उन्होंने लोकसभा से ज्यादा सीखा है। राहुल गांधी की पदयात्रा का आज चौथा दिन है। राहुल गांधी अलीगढ़ के कच्चे रास्तों से होकर गांव−गांव घूम रहे हैं। बारिश का मौसम होने से उन्हें पानी और कीचड़ भरे रास्तों से भी गुजरना पड़ रहा है। इसी दौरान उनकी सुरक्षा में लगी एसपीजी की गाड़ी कीचड़ में फंस गई। काफी मशक्कत के बाद भी जब गाड़ी नहीं निकली, तो उसे ट्रैक्टर में बांधकर बाहर निकाला गया। उधर, अलीगढ़ के प्रदर्शनी मैदान में 9 जुलाई को होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने गुरुवार को पंचायत को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस महापंचायत के मुख्य अतिथि राहुल गांधी होंगे। महापंचायत में देशभर से किसान नेताओं की पहुंचने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस पूरे कार्यक्रम के दौरान किसान नेता साढ़े तीन घंटे तक और राहुल केवल आधा घंटा बोलेंगे। पार्टी ने यह भी साफ किया कि इस महापंचायत को कोई राजनैतिक रंग नहीं दिया जा सके, इसके लिए मंच और पंचायत स्थल के आसपास कहीं भी कांग्रेसी झंडे नहीं लगे होंगे।
लेखक के बारे में
img
NDTVIndia
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
राहुल गांधी, पदयात्रा, किसान महापंचायत, भ्रष्टाचार
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com