विज्ञापन
This Article is From Jul 08, 2011

'बिना सम्पर्क किसान समस्याओं का समाधान नहीं'

राहुल गांधी ने अपने विरोधियों को संदेश देते हुए कहा कि कोई भी राजनेता बिना किसानों से सीधा सम्पर्क किए उनकी समस्या को नहीं सुलझा सकता।
अलीगढ़: भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर किसानों की परेशानियां जानने के लिए उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से पदयात्रा पर निकले कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपने विरोधियों को संदेश देते हुए कहा कि कोई भी राजनेता बिना किसानों से सीधा सम्पर्क किए उनकी समस्या को नहीं सुलझा सकता है। पदयात्रा के चौथे दिन अलीगढ़ में किसानों को सम्बोधित करते हुए राहुल ने कहा, "राजनीति में जब तक कोई व्यक्ति जनता के बीच नहीं जाता, तब तक बात सामने नहीं आती, चाहे वह कितना ही होशियार क्यों न हो। राजनेता जब तक आप लोगों तक नहीं पहुंचेंगे समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता है।" राहुल ने कहा, "जब हम दिल्ली या लखनऊ में बैठते हैं तो हमें जमीनी हकीकत और सच्चाई के बारे में कुछ पता नहीं होता। सच्चाई जानने के लिए जमीन पर आना जरूरी होता है। किसानों की समस्याएं जमीन पर उतरे बिना और उनके बीच जाए बिना नहीं समझी जा सकतीं।" उन्होंने कहा "मैं इसीलिए आपके बीच आया हूं। आपको समझने की कोशिश कर रहा हूं।" मरोड़गढ़ी गांव में रात बिताने के बाद शुक्रवार सुबह राहुल देवाका गांव पहुंचकर किसानों की चौपाल को सम्बोधित कर रहे थे। कांग्रेस महासचिव ने किसानों से कहा कि कहा, "आप देश के लिए काम करते हो..पसीना बहाते हो..देश को भोजन देते हो.लेकिन जब आपकी जमीन ली जाती तो आपको बाजार से 10 गुना कम दाम दिया जाता है।" उन्होंने कहा कि शहर में जमीन बेचने पर उसे बाजार का भाव मिलता है लेकिन आप जब अपना हक मांगते हो तो उसे दबा दिया जाता है। देवाका के बाद वह गौराला और गंगोली गांव जाकर किसानों से मिले। राहुल की पदयात्रा फिलहाल मथुरा जिले में प्रवेश कर गई है। वह उन गावों में जा रहे हैं जिनसे होकर यमुना एक्सप्रेस वे गुजरना है। राहुल की पदयात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है मायावती सरकार पर उनके हमले तीखे होते जा रहे हैं। नोएडा एक्सटेंशन को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का हवाला देते हुए राहुल ने कहा कि देश की सबसे बड़ी अदालत द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार को किसानों की जमीन वापस लौटाने का आदेश देने से साफ हो गया है कि मायावती सरकार की नीतियां कितनी गलत हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की नीयत में खोट है। वह किसानों को लूटने के बावजूद सीनाजोरी कर रही है।
लेखक के बारे में
img
Indo Asian News Service
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सम्पर्क, किसान, समस्या, समाधान
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com