यह ख़बर 27 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, स्पीकर व अन्य ने दी देशवासियों को होली की बधाई

खास बातें

  • राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रंगों के त्योहार होली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताया कि रंगों का त्योहार राष्ट्रीय मूल्यों में विश्वास का मजबूत करेगा औ
नई दिल्ली:

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रंगों के त्योहार होली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताया कि रंगों का त्योहार राष्ट्रीय मूल्यों में विश्वास का मजबूत करेगा और एकता तथा सौहार्द को प्रोत्साहित करेगा।

राष्ट्रपति ने होली की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा, ‘‘होली के अवसर पर मैं अपने सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। वसंत के आगमन का प्रतीक यह पर्व सभी के लिए प्रसन्नता, आशा और कामनाओं की पूर्ति का अग्रदूत है।’’

प्रणब ने कहा, ‘‘होली के विभिन्न रंग हमारी विविध और बहु सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करते हैं। मैं कामना करता हूं कि रंगों का यह त्योहार हमारे राष्ट्रीय मूल्यों में हमारे विश्वास को सुदृढ़ करे और एकता, सद्भाव और सभी की भलाई को बढ़ावा दे।’’
उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा कि देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाने वाला होली का यह त्योहार विविधता में एकता और सभी मनुष्यों के बीच समानता के विचारों को सुदृढ़ करता है।

अंसारी ने इस मौके पर सभी के जीवन में शांति समृद्धि और प्रसन्नता की कामना की।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि रंगों का त्योहार ‘जीवन और अच्छाई का उत्सव है तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।

होली की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह त्योहार वसंत के आगमन, नई आशाओं का संचार करने और सुखद भविष्य का प्रतीक है।

मनमोहन सिंह ने कहा, ‘‘यह त्योहार सभी के लिए शांति, प्रसन्नता और समृद्धि लेकर आए।’’

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने होली के अपने शुभकामना संदेश में कहा कि होली का हमारी सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा में विशेष महत्व है जो सामाजिक सौहार्द्र और भाईचारे को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं होली के अवसर पर अपने देश के सभी लोगों को शुभकामनाएं देती हूं।’’

लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने भी होली की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी और समाज को दूषित करने वाली बुराइयों जैसे.. असमानता, असहिष्णुता और पूवाग्रहों को समाप्त करने की दिशा में काम करने को कहा।

मीरा कुमार ने कहा, ‘‘रंगों का त्योहार होली, प्रेम और हमारी संस्कृति के विभिन्न रंगों का प्रतीक है। होली को इसका गंभीर सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश इसे सबसे विशेष बनाता है। यह समानता, समावेशन और पारदर्शिता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत बनाता है।’’

दिल्ली के उपराज्यपाल तेजेन्दर खन्ना और मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी सबको होली की बधाई दी और लोगों को इस अवसर पर प्राकृतिक रंगों और गुलाल का उपयोग करने को कहा।

खन्ना ने दिल्ली के निवासियों से जैविक और प्राकृतिक रंगों का उपयोग करने, शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने, आपस में मित्रता विकसित करने और सभी धर्म, जाति के लोगों के बीच सौहार्द बढ़ाने की अपील की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस मौके पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से सम्मानित तरीके से होली मनाने और केवल प्राकृतिक रंगों का उपयोग करने को कहा। उन्होंने लोगों से दिल्ली को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण रहित शहर बनाने की अपील की।