अभिनेता राजपाल यादव हिरासत से बाहर आने और अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के बाद एक बार फिर फिल्मों के सेट पर लौट आए हैं. हाल ही में उन्होंने फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल' के सेट से अपनी कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा भी किए. लेकिन इन सबके बीच राजपाल ने अपनी मां से किया हुआ एक वादा निभाया. होली के मौके पर वह अपने पैतृक गांव पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार और गांव वालों के साथ मिलकर होली मनाई. राजपाल ने अपनी मां से वादा किया था कि होली और दिवाली जैसे बड़े त्योहार वह अपने परिवार के साथ अपने गांव में ही मनाएंगे. इसी वजह से 4 मार्च को उन्होंने होली अपने गांव में ही मनाई.

अब राजपाल यादव मुंबई लौट आए हैं और यहां भी उनका होली मिलन का दौर जारी है. सबसे पहले वह अभिनेता सोनू सूद से मिलने पहुंचे. मुश्किल वक्त में सोनू सूद ने राजपाल का साथ दिया था और उनकी मदद के लिए एक मुहिम भी शुरू की थी. राजपाल ने बातचीत के दौरान कहा, “हमारे यहां गांव में होली का जश्न होली से पहले शुरू हो जाता है और बाद तक चलता रहता है. इसलिए मुंबई लौटने के बाद मैं बॉलीवुड के अपने परिवार के साथ होली मिलन में व्यस्त हो गया हूं. इस सप्ताहांत तक मैं उन सभी लोगों से मिलूंगा जो मेरे लिए परिवार जैसे हैं.”

उन्होंने आगे कहा कि बॉलीवुड उनका परिवार है और उनकी वजह से ही वो आज तक इतने साल यहां टिके हुए हैं. राजपाल की ये बात साबित भी हो गई क्यूंकि उनकी मुश्किल वक्त में बॉलीवुड के उनके साथियों ने उनका पूरा पूरा साथ दिया और इसलिए वह अपने सभी करीबियों से होली के मौके पर मुलाकात भी कर रहे हैं और एक तरह से उनका शुक्रिया भी अदा कर रहे हैं. राजपाल ने बताया कि वह जल्द ही डेविड धवन और वरुण धवन से भी मिलने वाले हैं. राजपाल यादव ने यह भी कहा कि आने वाले हफ्ते से वह पूरी तरह काम पर ध्यान देंगे और फिर से अपनी फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हो जाएंगे.

दरअसल आने वाले समय में राजपाल यादव कई बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं. निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला' और ‘हैवान' में भी वे दिखाई देंगे. इसके अलावा चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी ‘भागम भाग' के सीक्वल ‘भागम भाग 2' में भी उनके नजर आने की बात कही जा रही है. इसके साथ ही वे एक और फिल्म में अक्षय कुमार के साथ भी काम करने वाले हैं. वहीं डेविड धवन और वरुण धवन की एक फिल्म में भी उनके शामिल होने की चर्चा है. अभिनेता सोनू सूद पहले ही यह घोषणा कर चुके हैं कि वे अपनी एक फिल्म में राजपाल यादव के साथ काम करेंगे.

इसके अलावा निर्देशक राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘पुलिस स्टेशन में भूत है' में भी राजपाल यादव नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ मनोज बाजपेयी भी दिखाई देंगे. इन फिल्मों के अलावा राजपाल यादव कुछ ऐसे प्रोजेक्ट्स में भी काम कर रहे हैं जिनके शीर्षक अभी तय नहीं हुए हैं. कुल मिलाकर कहा जाए तो आने वाले समय में वे करीब दस फिल्मों में अलग-अलग किरदारों में दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे. इनमें से कुछ फिल्मों में उनकी अहम भूमिका होगी, जबकि कुछ प्रोजेक्ट्स में वे गेस्ट अपीयरेंस करते भी दिखाई देंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं