यह ख़बर 04 नवंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सोनिया के देवी दुर्गा रूपी पोस्टर पर विवाद

खास बातें

  • कांग्रेस समर्थकों की ओर से लगाए गए एक पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को देवी दुर्गा के रूप में और नितिन गडकरी तथा सुब्रमण्यम स्वामी को असुरों के रूप में दर्शाया गया है।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में कांग्रेस समर्थकों की ओर से लगाए गए एक पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को देवी दुर्गा के रूप में और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी तथा जनता पार्टी के नेता सुब्रमण्यम स्वामी को असुरों के रूप में दर्शाया गया है।

इलाहाबाद शहर के सिविल लाइंस इलाके में सुभाष चौराहे के पास लगाए गए इस पोस्टर में इंडिया अगेंस्ट करप्शन के सदस्य अरविंद केजरीवाल तथा योग गुरु बाबा रामदेव को रावण के रूप में दिखाया गया है।

पोस्टर कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के पूर्व जिला अध्यक्ष सिरीश चन्द्र दुबे और युवक कांग्रेस के सचिव हसीब अहमद ने लगाई है। पोस्टर के नीचे इनकी तस्वीरें भी लगाई गई हैं। उन्होंने इसके जरिये लोगों से रविवार को दिल्ली में कांग्रेस की रैली में भाग लेने की अपील भी की है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने इन पोस्टरों को कांग्रेस की ओछी राजनीति करार दिया। उन्होंने कहा, "मैं इलाहाबाद में भाजपा के स्थानीय नेताओं से इस बारे में जानकारी हासिल कर रहा हूं। जल्द ही पूरे मामले की शिकायत इलाहाबाद के जिलाधिकारी से करूंगा।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं, मामले के तूल पकड़ने के बाद कांग्रेस अब पोस्टर लगाने वालों पर कार्रवाई की बात कह रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता द्विजेंद्र त्रिपाठी ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस इस तरह की ओछी राजनीति करने में यकीन नहीं रखती है। पार्टी ने पूरे मामले को गम्भीरता से लिया है। मामले की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।