विज्ञापन
This Article is From Jun 12, 2017

डोनाल्ड ट्रंप के बुलावे पर अमेरिका जाएंगे पीएम मोदी, 26 जून को दोनों नेताओं की पहली बैठक

ट्रंप प्रशासन के सत्ता में आने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी का यह पहला अमेरिका दौरा होगा.

डोनाल्ड ट्रंप के बुलावे पर अमेरिका जाएंगे पीएम मोदी, 26 जून को दोनों नेताओं की पहली बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप प्रशासन के सत्ता में आने के बाद पहली बार अमेरिका दौरे पर जाने वाले हैं (फाइल फोटो)
  • ट्रंप प्रशासन के सत्ता में आने के बाद मोदी की पहली अमेरिका यात्रा होगी
  • दोनों नेताओं के बीच 26 जून को पहली द्विपक्षीय बातचीत होगी
  • इससे पहले दोनों नेताओं के बीच तीन बार फोन पर बात हो चुकी है
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25-26 जून को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के न्योते पर वाशिंगटन डीसी का दौरा करेंगे. दोनों नेता 26 जून को अपनी पहली द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.

पिछले हफ्ते अमेरिकी विदेश विभाग ने पुष्टि की थी कि पीएम मोदी इस महीने के आखिर तक वाशिंगटन का दौरा करेंगे. ट्रंप प्रशासन के सत्ता में आने के बाद पीएम मोदी का यह पहला अमेरिका दौरा होगा. हालांकि दोनों नेताओं के बीच कम से कम तीन बार फोन पर बात हो चुकी है.

विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री की 25 जून से शुरू होने वाली अमेरिका यात्रा की घोषणा करते हुए सोमवार को कहा कि मोदी-ट्रंप के बीच बातचीत गहरे द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा प्रदान करेगी. मंत्रालय ने कहा, 'प्रधानमंत्री 26 जून को राष्ट्रपति ट्रंप के साथ आधिकारिक वार्ता करेंगे. उनकी चर्चा पारस्परिक हित के मुद्दों पर गहरे द्विपक्षीय संबंधों और भारत और अमेरिका के बीच बहुआयामी रणनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाने के लिए नई दिशा प्रदान करेगी.'

पूर्ववर्ती ओबामा प्रशासन के दौरान पीएम मोदी की बराक ओबामा से रिकार्ड आठ बार मुलाकात हुई थी. पीएम मोदी ने वाशिंगटन का तीन बार दौरा किया था, जबकि साल 2015 में ओबामा की ऐतिहासिक भारत यात्रा हुई थी, जिसमें वह गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि थे.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Narendra Modi, Donald Trump, Narendra Modi US Visit, India-US Relations
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com