यह ख़बर 18 अक्टूबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स ने बिना उकसाहट गोलीबारी की

जम्मू:

पाकिस्तान रेंजर्स ने जम्मू जिले से लगे अंतराष्ट्रीय सीमा की तरफ से बिना किसी उकसाहट के शनिवार सुबह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की चौकी पर गोलीबारी की।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, पाकिस्तान रेंजर्स ने शनिवार सुबह अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे जम्मू जिले के आरएस पुरा सेक्टर में बिना किसी उकसाहट के बीएसएफ की चौकी पर गोलीबारी की।

अधिकारी के अनुसार, गोलीबारी शनिवार सुबह 5.30 बजे शुरू हुई।

उन्होंने बताया, वह हल्के व स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल कर रही हैं और बीएसएफ के जवान समान क्षमता वाले हथियार से प्रभावी रूप से जवाब दे रहे हैं। गोलीबारी अभी भी जारी है। हमारी तरफ अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

इससे पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले से लगी नियंत्रण रेखा पर संघर्ष-विराम का उल्लंघन करते हुए शुक्रवार रातभर भारतीय सीमा की तरफ गोलीबारी की थी।

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार रात 8.55 बजे छोटे व स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल करते हुए पुंछ जिले के हमीरपुर सेक्टर में हमारी सीमा में बिना उकसाहट के गोलीबारी की।

6 अक्टूबर से पाकिस्तान की तरफ से जारी गोलाबारी में आठ आम नागरिकों की मौत हो चुकी है और 62 लोग घायल हो गए हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा 6 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक आम नागरिकों के घरों पर हुई गोलाबारी के कारण जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों से लगे सीमावर्ती गांवों के 30,000 से अधिक लोग मौजूदा समय में राहत शिविरों में रह रहे हैं।