यह ख़बर 01 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

शशि कपूर, मोंटेक समेत अन्य पद्म पुरस्कारों से सम्मानित

खास बातें

  • राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने इन लोगों को सम्मानित किया।
New Delhi:

भारत की पहली महिला फोटोग्राफर होमई व्यारवाला, आदिवासी कलाकार जिव्या सोमा म्हासे, बीते जमाने के अभिनेता शशि कपूर, छउ नर्तक मकर ध्वज दरोगा और योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया समेत अन्य लोगों को शुक्रवार को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने इन लोगों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कई केंद्रीय मंत्रियों और अन्य गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। अहलूवालिया, व्यारवाला, अर्थशास्त्री विजय केलकर, प्रसिद्ध उड़िया कवि सीताकांत महापात्र, प्रसिद्ध विधिवेत्ता के पाराशरण, विप्रो अध्यक्ष अजीम प्रेमजी, तेलगू अभिनेता ए नागेश्वर राव और प्रसिद्ध धातु विज्ञानी पी रामा राव उन लोगों में शामिल थे जिन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। रंगमंच कलाकार सत्यदेव दूबे, शशि कपूर, प्रसिद्ध पेंटर के खन्ना और अर्पिता सिंह, रवींद्र संगीत के दिग्गज द्विजेन मुखर्जी, परोपकारी राजश्री बिड़ला, इंफोसिस के सीईओ एस गोपालकृष्णन, आईसीआईसीआई सीईओ चंदा कोचर, डा. रेड्डीज लैब्स के अध्यक्ष के अंजी रेड्डी, एनआईआईटी के संस्थापक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह पवार, एचसीएल के सह संस्थापक अजय चौधरी, पूर्व विदेश सचिव श्याम सरन, पत्रकार टी जे एस जॉर्ज और शिक्षाविद् रामदास माधव पाई को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध डिजाइनर दशरथ पटेल और जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ ब्यारामजी ग्रांट को मरणोपरांत पद्मभूषण दिया गया। पटेल की बहन स्नेहलता देसाई और ग्रांट के पु़त्र परवेज ग्रांट ने राष्ट्रपति से पुरस्कार हासिल किया। मकर ध्वज दरोगा, फिल्मकार गिरीश कासरावल्ली, पेंटर जिव्या सोमा म्हासे, कथक नृत्यांगना सुनयना हजारीलाल, शास्त्रीय गायक एस आर जानकीरमण, मोहिनीअट्टम नृत्यांगना के पवित्रन, गायिका उषा उत्थुप, अभिनेत्री काजोल और अभिनेता इरफान खान को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता शीला पटेल, अनीता रेड्डी और कानुभाई हंसमुखभाई टेलर, शिल्पकार सी एन राघवेंद्रन और गोपालन नायर शंकर, वैज्ञानिक से कार्यकर्ता बनने वाली सुमन सहाय, कृषि विज्ञानी ई ए सिद्दिक, उद्यमी कैलासम राघवेंद्र राव, नक्सल विरोधी बल ग्रेहाउन्ड्स के प्रशिक्षक नारायण सिंह भाटी, निशानेबाज गगन नारंग, एथलीट कृष्णा पूनिया, पर्वतारोही हरभजन सिंह, एंडोक्राइनोलॉजिस्ट शिवपातम विट्ठल, गैस्ट्रोइंटरोलॉजिस्ट मदनूर अहमद अली और न्यूरोसर्जन ए मार्तंड पिल्लै को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया। माहिम बोरा, पुलेला श्रीराम चंद्रुडू, वरूण मजूमदार, अव्वई नटराजन, बुआंगी सैलो, देवीदत्त शर्मा, नीलांबर देव शर्मा, कृष्ण कुमार, देवी प्रसाद द्विवेदी और मामंग दाई को साहित्य और शिक्षा श्रेणी में पद्मश्री से सम्मानित किया गया। विरासत संरक्षणकर्ता ओम प्रकाश अग्रवाल और नेशनल साइंस फाउन्डेशन के निदेशक सुब्रा सुरेश को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। पद्मश्री से सम्मानित किए गए अन्य लोगों में गुलशन नंदा :हस्तशिल्प को प्रोत्साहन देने:, उपेंद्र बख्शी :सार्वजनिक मामलों:, मार्था चेन :सामाजिक कार्य: और पेरूवनम कुट्टन मारर :कला:भी शामिल हैं। ग्रानविले ऑस्टिन और देवनुरू महादेव को भी पद्मश्री दिया गया लेकिन वे समारोह में मौजूद नहीं थे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com