यह ख़बर 30 अगस्त, 2012 को प्रकाशित हुई थी

एनडीटीवी मध्यावधि चुनाव सर्वे 2012 : देश का महानतम नेता कौन?

खास बातें

  • देश में सर्वकालीन महान नेता कौन है? इस बारे में जब एनडीटीवी ने अपने सर्वे के माध्यम से जानना चाहा तब जनता ने खुलकर अपनी राय रखी। इसके अलावा दिल्ली, बिहार, हरियाणा, झारखंड और पंजाब के बारे में सर्वे के परिणाम...
नई दिल्ली:

राजनीति में रोज नए समीकरणों की आहट आ रही है। क्या नेताओं ने भी विकल्प की खोज शुरू कर दी है। शायद इसीलिए मध्यावधि पोल में दिलचस्पी पैदा करती है। कौन तय करेगा। मुद्दे या महानुभाव।

यह सबकुछ तरल अवस्था में है जब तक नरेंद्र मोदी के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं होती है। उसके बाद मुद्दे व्यक्तित्व के पीछे हो जाएंगे या टिके रहेंगे।

क्या नरेंद्र मोदी पर बीजेपी की चुप्पी इसलिए है कि बीजेपी वक्त ले रही है। पहले मुद्दों पर माहौल बनाओ फिर नेता को उतारो। नेता को पहले उतारेंगे तो मुद्दे पीछे चले जाएंगे। नीतीश कुमार भले प्रधानमंत्री न बनना चाहते हों लेकिन क्या जनता उनमें इस पद के लिए कोई संभावना देख रही है। क्या नीतीश अकेले लड़ेंगे तो उन्हें फायदा होगा। गुरुवार के एपीसोड का सवाल भी है।

अब इसमें से कोई जगह जयललिता, मुलायम सिंह या मायावती के लिए बनती है या नहीं यह तो समय बताएगा। अब तक 543 में से 361 सीटें कांग्रेस, बीजेपी के अलावा 10 दलों की सीटें क्या बनती है। सोनिया गांधी के हिस्से 91, नीतिन गडकरी के पास 90, मुलायम सिंह यादव 33, मायावती 15, ममता बनर्जी 27, जगनमोहन रेड्डी 21, चंद्रशेखर राव 10, नवीन पटनायक 16, प्रकाश करात 20, बाल ठाकरे 12, शरद पवार 9, कुमारस्वामी 5 सीटें आतीं दिख रही हैं।

गुरुवार को शो में दिल्ली, बिहार, हरियाणा, झारखंड और पंजाब के बारे में किए गए सर्वे के परिणाम हैं। इसके अलावा अंग्रेजी की देश में कितनी जरूरत है इस पर प्रश्न के जवाब में लोगों ने क्या कहा। देश में सर्वकालीन महान नेता कौन हैं? देश में इंग्लिश का क्रेज कितना है? अब तक की पांच महानतम फिल्में कौन सी हैं? बच्चो की शिक्षा, दहेज पर भी प्रश्न हैं... बहुत रोचक है, आइए देखें...

इस सर्वे में तमाम प्रश्न पूछे गए। इनमें से कुछ और उनके परिणाम भी इस प्रकार हैं-

भारत के पांच सर्वकालीन महान नेता कौन से हैं?
1. महात्मा गांधी 2. जवाहरलाल नेहरू 3. इंदिरा गांधी 4. अटल बिहारी वाजपेयी 5. सुभाष चंद्र बोस

देश में संसद में महिला आरक्षण पर लोगों की क्या राय है?
इस प्रश्न के जवाब में 76 फीसदी लोगों ने हां में जवाब दिया है। इस बात से साफ है कि देश के लोग संसद में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण चाहते हैं।

बता दें कि 18 राज्यों में 125 लोकसभा सीटों पर यह सर्वे हुआ है। लगभग 20 फीसदी सीटों पर मतदाताओं के मन में झांक कर देखने की कोशिश की गई है। 29 हज़ार 176 सैंपल एकत्र किए गए हैं।

अब बात बिहार की...

बिहार में बेहतरीन मुख्यमंत्री कौन है?

इस प्रश्न के जवाब में लोगों ने वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पक्ष में 84 फीसदी लोगों ने मत दिया वहीं लालू प्रसाद यादव को अब मात्र 13 फीसदी लोग ही सीएम के पद पर देखना चाहते हैं। जगन्नाथ मिश्र के पक्ष में मात्र दो और राम विलास पासवान के पक्ष में सिर्फ एक फीसदी लोगों ने अपनी राय व्यक्त की है।

क्या नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनना चाहिए?

बिहार में इस प्रश्न के जवाब में 64 फीसदी लोगों का जवाब हां में रहा।

क्या अगले चुनाव में भी साथ लड़ें जेडीयू−बीजेपी?

बीजेपी-जेडीयू वोटरों में इस प्रश्न के जवाब में 70 फीसदी लोग यह मानते हैं इस गठबंधन में अभी साथ में ही चलना चाहिए।

क्या लालू यादव को बिहार की राजनीति में लौटना चाहिए?

इस प्रश्न के जवाब में लालू प्रसाद के समर्थकों में 73 फीसदी लोग उन्हें बिहार में देखना चाहती है तो 27 फीसदी अब उन्हें केंद्र में ही सक्रिय देखना चाहते हैं। सभी वोटरों की बात करें तब 44 फीसदी लोग बिहार में लालू की राजनीति देखना चाहते हैं और 56 फीसदी अब उन्हें केंद्र में देखना पसंद कर रहे हैं।

मध्यावधि चुनाव की स्थिति में बिहार की 40 सीटों में से बीजेपी को 32 (2009 की) की अपेक्षा 36 सीटें मिलने का पूर्वानुमान लगाया जा सकता है। वहीं कांग्रेस को 2009 में दो की अपेक्षा एक सीट मिलने का पूर्वानुमान है।

बात झारखंड की...

झारखंड राज्य में अभी बेहतरीन मुख्यमंत्री कौन है?

इस सवाल के जवाब में बाबूलाल मरांडी को 47 फीसदी, अर्जुन मुंडा को 37 फीसदी, शिबू सोरन को 10 फीसदी, हेमंत सोरेन को 6 फीसदी लोगों ने मत दिया।

झारखंड में माओवादी समस्या कितनी गंभीर है?

इस प्रश्न के जवाब में 88 फीसदी लोगों ने इसे गंभीर समस्या बताया तो 12 फीसदी इस मीडिया द्वारा बनाया मुद्दा बता रहे हैं।

झारखंड में क्या रहेंगे नतीजे?

मध्यावधि चुनाव होने की स्थिति में झारखंड 14 सीटों में से बीजेपी को  2009 की आठ सीटों से नुकसान होता दिख रहा है। पूर्वानुमान लगाया जा सकता है कि इस बार पांच सीटों से बीजेपी को संतोष करना पड़ेगा। वहीं कांग्रेस का ग्राफ एक से बढ़कर तीन तक जा सकता है। इसके अलावा अन्य दलों को 2009 में पांच के मुकाबले इस बार छह सीटें मिलती दिख रही हैं।

बात पंजाब की...

पंजाब के 72 फीसदी लोग चाहते हैं कि भारत पाकिस्तान के साथ दोस्ताना सम्बंध कायम करे।

राहुल गांधी का करिश्मा
पंजाब के सर्वे में एक रोचक तथ्य सामने आया कि वहां मनमोहन सिंह से ज्यादा लोग राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के पद पर देखना चाहते हैं। आश्चर्य इस बात का है कि अकाली मतदाताओं में भी राहुल गांधी को 70 फीसदी लोग पसंद करते हैं वहीं, मनमोहन सिंह के पक्ष में 30 फीसदी लोग ही हैं।

मध्यावधि चुनाव : क्या होगी पंजाब में स्थिति?

मध्यावधि चुनाव होने की स्थिति में पंजाब की 13 सीटों में से बीजेपी को 2009 में पांच के स्थान पर आठ सीटें मिल सकती है। वहीं कांग्रेस पार्टी को आठ के स्थान पर पांच सीटों पर संतोष करना पड़ेगा।

बात दिल्ली की...

दिल्ली में अब तक सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री कौन है?

दिल्ली का सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री इस राज्य की जनता के मानस में मदनलाल खुराना हैं। 61 फीसदी लोग खुराना को अब भी पसंद करते हैं वहीं, शीला दीक्षित को 39 फीसदी लोग अपनी पहली पसंद बता रहे हैं। दिल्ली की वर्तमान सरकार को 45 फीसदी लोग अच्छी बता रहे हैं और 55 फीसदी लोग इससे संतुष्ट नहीं हैं।

दिल्ली में मध्यावधि चुनाव होने पर क्या बनेगी संभावना?

दिल्ली में मध्यावधि चुनाव होने की स्थिति में दिल्ली की सात सीटों में से बीजेपी जहां 2009 में खाता भी नहीं खोल पाई थी वहीं पूर्वानुमान है कि वह इस बार पांच सीटों पर विजयी होगी। इसके उलट कांग्रेस पार्टी का ग्राफ सात सीटों से घटकर दो सीटों पर आ जाएगा।

हरियाणा का हाल...

हरियाणा में सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री के मामले में कड़ी टक्कर दिख रही है। ओम प्रकाश चौटाला को 40 फीसदी लोग पसंद करते हैं वहीं भूपिंदर सिंह हुड्डा को 38 फीसदी लोगों ने पसंद किया है। बिश्नोई को भी 13, सुरजेवाला को पांच और किरण चौधरी को तीन फीसदी लोगों ने अपना मत दिया है। वहीं राज्य में सरकार के प्रदर्शन से 53 फीसदी लोग ही खुश हैं और 47 फीसदी लोग नाखुस हैं।

मध्यावधि चुनाव हुआ तब हरियाणा की स्थिति...

मध्यावधि चुनाव हुआ तब हरियाणा की 10 सीटों में से कांग्रेस को 2009 के मुकाबले तीन सीटों का नुकसान होता दिख रहा है और उसे छह सीटें ही मिल सकती हैं। वहीं, आईएनएलडी को इस बार दो सीटें मिलती दिख रही हैं। 2009 में इस पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली थी वहीं भाजपा भी एक सीट जीत सकती हैं। 2009 में भाजपा को भी एक भी सीट नहीं मिली थी। एचजेसी अपनी एक सीट बचाने में कामयाब रहेगी, ऐसा पूर्वानुमान है।

देश में किसकी शिक्षा पर ज्यादा खर्च हो रहा है बेटा या बेटी?

असम, ओडिशा, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों ने बेटे पर तो पंजाब, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लोगों ने बेटी के नाम पर मुहर लगाई है।

बेटे−बेटी दोनों की शिक्षा कितना ज़रूरी है?

देश में 79 फीसदी लोग बेटे और बेटी की पढ़ाई पर बराबर खर्च कर रहे हैं।

देश में अंग्रेज़ी की जानकारी पर लोगों का क्या कहना है?

हर पांच में से दो भारतीयों यानि 50 करोड़ लोगों का दावा है कि वे अंग्रेज़ी जानते हैं।

सबसे कम अंग्रेज़ी बोलने वाले तीन राज्य हैं...

झारखंड में 14 फीसदी, गुजरात में 21 फीसदी, मध्यप्रदेश में 22 फीसदी। वहीं पुरुषों में 42 फीसदी और महिलाओं में 29 फीसदी लोगों का कहना है कि वह अंग्रेजी जानते हैं।

क्या अंग्रेज़ी से भविष्य सुधरता है?

इस प्रश्न के जवाब में 87 फीसदी लोगों का कहना है कि अंग्रेज़ी जानना फ़ायदेमंद होता है।

दहेज का ज़ोर...

हर पांच में से तीन भारतीय बेटी की शादी में दहेज देते हैं। सबसे ज्यादा दहेज का प्रचलन हरियाणा में 94 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 88 फीसदी, मध्य प्रदेश में 80 फीसदी है वहीं, सबसे कम दहेज गुजरात में 20 फीसदी, पं. बंगाल में 27 फीसदी और महाराष्ट्र में 40 फीसदी हैं।

बॉलीवुड की पांच महानतम फिल्में...

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

1. शोले 2. दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे 3. लगान 4. थ्री इडियट्स 5. मदर इंडिया