यह ख़बर 13 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

इतालवी सुरक्षाकर्मियों की वापसी की योजना बताए केंद्र : मोदी

खास बातें

  • गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार इस बारे में अपनी 'कार्ययोजना' बताए कि वह दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी इतालवी सुरक्षाकर्मियों को वापस लाने के लिए क्या करेगी?
नई दिल्ली:

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार इस बारे में अपनी 'कार्ययोजना' बताए कि वह दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी इतालवी सुरक्षाकर्मियों को वापस लाने के लिए क्या करेगी?

मोदी ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर कहा है, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) को देश को यह बताना चाहिए कि उसने भारत में मुकदमे का सामना कर रहे इतालवी सुरक्षाकर्मियों को वापस लाने के लिए क्या कार्य योजना बनाई है।

मोदी ने लिखा है, इतालवी सुरक्षा कर्मियों को वापस भारत लाने से कम इस मामले में कुछ भी स्वीकार नहीं है।

ज्ञात हो कि इटली के मालवाहक जहाज एनरिका लेक्सी के दो सुरक्षा कर्मियों -मेस्सिमिलानो लाटोरे तथा सेलवाटोरे जिरोने- को सर्वोच्च न्यायालय ने उनके देश में 24-25 फरवरी को हुए चुनाव में मतदान के लिए जाने की अनुमति दी थी। न्यायालय को बताया गया था कि वे चार सप्ताह के भीतर भारत लौट आएंगे। यहां दोनों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है। लेकिन भारत में इटली के दूतावास ने सोमवार को केंद्र सरकार से कहा कि सुरक्षाकर्मी नहीं लौटेंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इटली के उक्त दोनों सुरक्षाकर्मियों पर 15 फरवरी, 2012 को केरल तट से लगे अरब सागर में भारतीय मछुआरों की नौका पर गोली चलाने का आरोप है। इस घटना में दो मछुआरों की मौत हो गई थी। इस मामले में उनके खिलाफ यहां मुकदमा चल रहा है।