विज्ञापन
This Article is From Oct 08, 2014

मुलायम की सपा कार्यकर्ताओं को नसीहत : आचरण और व्यवहार में करें सुधार

मुलायम की सपा कार्यकर्ताओं को नसीहत : आचरण और व्यवहार में करें सुधार
सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव (फाइल तस्वीर)
लखनऊ:

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वे अपने आचरण और व्यवहार में सुधार करें और जनता की उपेक्षा न करें।

मुलायम ने सपा के नौंवे राष्ट्रीय सम्मेलन में कहा, जनता अपनी उपेक्षा कभी नहीं भूलती। सपा कार्यकर्ताओं को जनता के बीच आचरण, व्यवहार सही रखना चाहिए और संयम के साथ पेश आना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, जो गरजते हैं, बरसते नहीं... चीन बार-बार भारत की सीमा में घुसपैठ करता है। देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं। चीन हमेशा से देश को धोखा देता आया है। चीन के मामले में सरकार चुप क्यों है?

मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि अब तक आई सभी सरकारों ने महंगाई बढ़ाई है, लेकिन मौजूदा सपा सरकार ने महंगाई रोकने में कामयाबी पाई है। लगातार नौंवीं बार सपा अध्यक्ष चुने गए मुलायम ने कहा कि जनता ने सपा की नीतियों और कार्यक्रमों पर भरोसा किया, इसलिए हमें प्रदेश में स्पष्ट बहुमत दिया। लेकिन हम कहना चाहते हैं कि जनता बहुत समझदार है। जनता ने इंदिरा गांधी जैसी लोकप्रिय नेता को भी गलत निर्णय के कारण हरा दिया था।

उन्होंने सम्मेलन में मौजूद लगभग आठ हजार सपा कार्यकर्ताओं को आगाह किया, कहीं न कहीं जिम्मेदार लोग जनता की उपेक्षा कर देते हैं, इसलिए सावधान करना चाहते हैं कि जनता को मत भूलना। जनता ही सर्वोपरि है। कोई ऐसा काम मत करना, जिससे दाग लगे। नेता और मंत्री बेदाग रहेंगे, तो अच्छा है।

उन्होंने कहा कि कई नेता ऐसी गलतियां कर चुके हैं और उसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा है, इसलिए सांसदों और विधायकों को जनता की उम्मीदों के अनुसार कार्य करना चाहिए। हिन्दू और मुसलमान का बराबर ख्याल रखें। यह प्रदेश हिन्दू और मुस्लिम सद्भाव का स्थान रहा है। एक मुस्लिम नवाब ने लखनऊ में दो हनुमान मंदिर बनवाए थे। यह हिन्दू-मुस्लिम एकता का स्थान है। मुसलमानों का सबसे ज्यादा भरोसा समाजवादी पार्टी में है। उनका विश्वास टूटना नहीं चाहिए।

अखिलेश सरकार की तारीफ करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि नौजवानों की मेहनत से बनी यह सरकार हिन्दुस्तान की पहली ऐसी सरकार है, जो वे सारे वायदे पूरे कर रही है, जो चुनाव के दौरान सपा ने जनता से किए थे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुलायम सिंह यादव, समाजवादी पार्टी, सपा, अखिलेश यादव, Mulayam Singh Yadav, Samajwadi Party, Akhilesh Yadav