![मंत्री गिरिराज सिंह की सोनिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी, बोले, गोरे रंग के कारण बनी कांग्रेस सुप्रीमो मंत्री गिरिराज सिंह की सोनिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी, बोले, गोरे रंग के कारण बनी कांग्रेस सुप्रीमो](https://i.ndtvimg.com/i/2014-11/giriraj-singh_295x200_41415627971.jpg?downsize=773:435)
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है। गिरिराज सिंह ने सोनिया गांधी के गोरे रंग का हवाला देते हुए एक विवादित बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि अपने गोरे रंग के कारण सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष बनी है। गिरिराज सिंह ने हाजीपुर में बुधवार को यह विवादित बयान दिया। सोनिया पर टिप्पणी करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, 'अगर राजीव गांधी किसी नाइजीरियाई महिला से शादी किए होते, जो गोरी चमड़ी वाली नहीं होती... तो क्या कांग्रेस पार्टी उनका नेतृत्व स्वीकार करती?'
अपने इस बयान पर सफाई देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि उन्होंने यह टिप्पणी अनौपचारिक बातचीत में कही थी, लेकिन उनकी इस सफाई पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
उधर, कांग्रेस ने गिरिराज को मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की है। पार्टी की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने तो कहा है कि देखते हैं भाजपा उनपर किस प्रकार की कार्रवाई करती है।
उल्लेखनीय है कि गिरिराज सिंह अपने बयानों के कारण हमेशा चर्चा में रहते हैं। इससे पहले लोकसभा चुनाव में भी सिंह ने विवादित बयान दिया था। जिसके लिए उनके ऊपर नफरत फैलाने का मामला भी दर्ज हुआ था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं