यह ख़बर 05 नवंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

ओडिशा खनन घोटाला : जेना ने पटनायक पर लगाए गंभीर आरोप

खास बातें

  • केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना ने ओडिशा में करोड़ों रुपये के खनन घोटाला मामले में राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सीधे तौर पर शामिल होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
नई दिल्ली:

केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना ने ओड़िशा में करोड़ों रुपये के खनन घोटाला मामले में राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सीधे तौर पर शामिल होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

ओडिशा के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने कहा कि कथित अवैध खनन के लिए 27 खनन कंपनियों पर 58,000 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाकर बीजद नीत सरकार ने खनिजों की बड़ी लूट में स्वयं के शामिल होने की बात मानी है।

सांख्यिकी तथा कार्यक्रम क्रियान्वयन और रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री जेना ने कहा, ‘जिन खनिकों पर 58,000 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है, मुख्यमंत्री की उनसे मिलीभगत थी। अगर मुख्यमंत्री घोटाले में शामिल नहीं होते, यह गड़बड़ी नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पटनायक सरकार ने उपयुक्त कदम उठाया होता तो राज्य की आर्थिक स्थिति दयनीय नहीं होती। राज्य में 84 लाख परिवार में से 60 लाख परिवार गरीबी रेखा के नीचे रह रहे हैं।

जेना ने राज्य में हो रहे घोटालों का पर्दाफाश करने में अपनी पार्टी की असफलता को भी माना है। उन्होंने कहा ‘हमें पहले ही यह करना चाहिए था। हमें लागों के बीच जागरुकता लानी चाहिए, हम अपनी गलती मानते हैं।’ उन्होंने सभी खनन पट्टों को निरस्त किए जाने और उन्हें राज्य सरकार के ओड़ीशा खनन निगम को सौंपे जाने का पक्ष लिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मामले में जब प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के रिश्तेदार के कथित तौर पर लिप्त होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा ‘कानून अपना काम करेगा, हमें इसमें कुछ नहीं कहना।’