पुट्टपर्थी (आंध्र प्रदेश):
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सिंह और सोनिया आध्यात्मिक नेता की शीशे में बंद पार्थिव देह के समक्ष मौन खड़े थे और दोनों ने उनके चरणों में पुष्प अर्पित किए। सिंह और सोनिया साई कुलवंत हॉल में कुछ मिनट के लिए बैठे। सत्य साईं बाबा का रविवार को निधन हो गया था। सिंह और सोनिया जब यहां पहुंचे तो सत्य साईं बाबा के अनुयायी भजन गा रहे थे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अम्बिका सोनी भी थीं। तीनों नेता यहां विशेष विमान से पहुंचे और सीधे प्रशांति नीलयम गए जहां के साईं कुलवंत हॉल में सत्य साईं बाबा का पार्थिव रखा गया है। इससे पहले, दोपहर को ही पुट्टपर्थी पहुंचे आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन और मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी ने सिंह तथा सोनिया की हवाई अड्डे पर अगवानी की और उनके साथ साई कुलवंत हॉल पहुंचे। सत्य साईं बाबा को बुधवार की सुबह नौ से साढ़े नौ बजे के बीच पूरे राजकीय सम्मान के साथ दफनाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, राज्यपाल और मुख्यमंत्री पुट्टपर्थी में ही ठहरेंगे और अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित रहेंगे।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
मनमोहन सिंह, साईं बाबा, सोनिया गांधी, श्रद्धांजलि, Manmohan Singh, Sonia Gandhi, Sai Baba