यह ख़बर 15 अगस्त, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सबसे अधिक बार तिरंगा फहराने वाले मनमोहन तीसरे प्रधानमंत्री

खास बातें

  • लाल किले की प्राचीर से लगातार नौवीं बार तिरंगा फहराने वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सबसे अधिक बार झंडा फहराने वाले वजीर-ए-आजम की कतार में जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद तीसरे स्थान पर हैं।
नई दिल्ली:

लाल किले की प्राचीर से लगातार नौवीं बार तिरंगा फहराने वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सबसे अधिक बार झंडा फहराने वाले वजीर-ए-आजम की कतार में जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद तीसरे स्थान पर हैं। वह नेहरू-गांधी परिवार से बाहर के सबसे अधिक बार ध्वजारोहण करने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं।

मनमोहन नेहरू और इंदिरा के बाद देश में तीसरे सबसे ज्यादा समय तक प्रधानमंत्री रहने का गौरव हासिल कर चुके हैं।

नेहरू ने सबसे अधिक 17 बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र ध्वज फहराया है। इसके बाद उनकी पुत्री इंदिरा गांधी ने देश की प्रधानमंत्री के रूप में 16 बार तिरंगा फहराने का गौरव हासिल किया।

सिंह 2004 में देश के प्रधानमंत्री बने थे और उसी साल उन्हें पहली बार तिरंगा फहराने का गौरव प्राप्त हुआ था। इसके बाद से उन्हें आज लगातार नौवीं बार यह गौरव हासिल हुआ।

नेहरू ने देश को आजादी मिलने के दिन से लगातार 1963 तक हर 15 अगस्त पर तिरंगा फहराया। इंदिरा गांधी ने 1966 से 1976 तक और फिर 1980 से 1984 तक ध्वजारोहण किया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अटल बिहारी वाजपेयी ने 1998 से 2003 तक लगातार छह बार लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराया। वहीं राजीव गांधी ने 1985 से 1989 तक पांच बार ध्वजारोहण किया। पीवी नरसिंह राव ने 1991 से 1995 तक पांच बार तिरंगा फहराया।