विज्ञापन
This Article is From Jul 24, 2013

मनीष तिवारी ने माना, कांग्रेस के लिए चुनौती हैं नरेंद्र मोदी

मनीष तिवारी ने माना, कांग्रेस के लिए चुनौती हैं नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने मंगलवार को कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी एक मुद्दा बनने वाले हैं और कांग्रेस को आगे बढ़कर चुनौती का सामना करना होगा। वह अपनी पार्टी के मीडिया रणनीतिकारों को संबोधित कर रहे थे।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि तिवारी ने संभवत: विभिन्न सवालों के जवाब में यह टिप्पणी की। उनसे यह सवाल भी किया गया था कि आम चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी का चेहरा बने मोदी द्वारा पेश चुनौती से किस प्रकार निपटा जाए।

तिवारी ने कहा कि उद्योग जगत टेलीविजन चैनलों का इस्तेमाल कर मोदी को पेश कर रहा है। तिवारी का जोर इस बात पर था कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को आगे बढ़कर चुनौती का सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जोर धर्मनिरपेक्षता पर रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रवक्ताओं को इस संबंध में अपनी बात कहने में संकोच नहीं करना चाहिए।

उन्होंने पार्टी के लोगों से कहा कि वे 'रणविजय' की तरह काम करें न कि 'रणछोड़' की तरह। उन्होंने कठिन स्थिति में चुनौती का जमकर मुकाबला करने का आह्वान किया। तिवारी ने 2010 के बिहार विधानसभा चुनावों का उदाहरण दिया, जब कांग्रेस को चार सीटें ही मिली थीं और उन्हें 20 से भी ज्यादा न्यूज चैनलों पर सवालों का सामना करना पड़ा था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
नरेंद्र मोदी, कांग्रेस, 2014 आम चुनाव, मनीष तिवारी, Narendra Modi, 2014 Polls, Manish Tiwari, BJP, Congress