विज्ञापन
This Article is From Jul 10, 2020

कांग्रेस से बीजेपी में आए मंत्री ने कहा- पीएम, एमपी के सीएम और यूपी के सीएम समाज के लिए कलंक!

मध्यप्रदेश के मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ हुई, ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे

कांग्रेस से बीजेपी में आए मंत्री ने कहा- पीएम, एमपी के सीएम और यूपी के सीएम समाज के लिए कलंक!
मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट (फाइल फोटो).
  • मीडिया से बात करते हुए तुलसी सिलावट का वीडियो क्लिप वायरल
  • कहा- कांग्रेस सोशल मीडिया पर तोड़मरोड़कर मेरा बयान दे रही
  • इंदौर के सांसद शंकर ललवानी ने विकास दुबे को 'दुबे जी' कहा
भोपाल:

मध्यप्रदेश में सत्ताधारी बीजेपी के दो नेताओं की जुबान फिसल गई. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट विकास दुबे की जगह गलती से प्रधानमंत्री, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री को समाज के लिए कलंक कहते सुनाई दे रहे हैं. हालांकि मंत्री ने कहा है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ हुई है, और वो ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे. वहीं इंदौर के सांसद शंकर ललवानी ने आठ पुलिस वालों की हत्या के आरोपी विकास दुबे को दुबे जी कहकर संबोधित किया.
        
मीडिया से बात करते हुए तुलसी सिलावट की जो क्लिप वायरल हुई है उसमें वो ये कहते सुने जा सकते हैं कि देश के प्रधानमंत्री, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री, ऐसे लोग समाज के लिए कलंक हैं. इनका जो सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसे लोगों के साथ क्या करना है.
        
हालांकि बाद में उन्होंने कहा "जो समाज के लिए कलंक हैं और इस अपराधी के खिलाफ जो कार्रवाई, इसके विरुद्ध जो कार्रवाई की गई थी. देश के प्रधानमंत्री जी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद दिया था और जो सोशल मीडिया पर तोड़मरोड़कर कांग्रेस मेरे बयान को दे रही है मैं उसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करूंगा."
        
वहीं सांसद शंकर ललवानी ने कहा कि जिस प्रकार से मीडिया से जानकारी मिली रही है कि उन्होंने पिस्टल छीनी और चलाने का प्रयास किया. इसके बाद मुठभेड़ में मारा गया. उन्होंने जिस प्रकार का कृत्य किया है, कांग्रेस के हमारे मित्र को सहनुभूति जरूर होगी. देश में किसी से भी बात करेंगे तो दुबे जी को लेकर किसी को भी सहनुभूति नहीं है. उन्होंने कहा संतोष दुबे हैं ना, इस पर साथी ने उन्हें याद दिलाया कि वो विकास दुबे है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vikash Dubey, Tulsiram Silawat, Madhya Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com