यह ख़बर 16 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

फिर बढ़ी ठंड, हिमाचल व कश्मीर में हिमस्खलन की चेतावनी

खास बातें

  • राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम में अचानक बदलाव के कारण एक बार फिर ठंड बढ़ गई है।
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम में अचानक बदलाव के कारण एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। उधर, हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली में रविवार रात 4.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोमवार सुबह बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को लगातार दूसरे दिन बर्फबारी होती रही। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार शाम पांच बजे तक हिमस्खलन की चेतावनी दी है।

राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में सोलंग, बीस कुंड, नेहरू कुंड, गुलाबा, कुल्लू में ऊपरी मनाली क्षेत्र, चाम्बा, किन्नौर और लाहौल एवं स्पीति जिलों में रह रहे लोगों को हिमस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि वे अपने घरों की छत पर जमा बर्फ हटा दें, ताकि छत ढहने जैसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

बर्फबारी और बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शिमला में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री कम और अधिकतम सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला में पिछले 24 घंटे में 24 सेंटीमीटर बर्फबारी और 31.3 मिलीमीटर बारिश हुई।

हिमस्खलन की चेतावनी कश्मीर घाटी में भी जारी की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने खिलनमर्ग, माचिल, केरन, गुरेज, तंगधार, चौकीबल, उरी सहित ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

कश्मीर घाटी के कई इलाकों में सोमवार को भी हिमपात हुआ, जिसके कारण घाटी का सम्पर्क देश के शेष हिस्सों से कट गया।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था, जबकि पहलगाम में शून्य से 5.3 डिग्री और गुलमर्ग में शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

उधर, उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने बारिश की सम्भावना जताई है। सोमवार सुबह तेज धूप खिलने के बाद मौसम अचानक बदल गया और बादल घिर आए, जिससे सर्द हवाओं का असर एक बार फिर बढ़ गया और ठिठुरन महसूस होने लगी।

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं।

सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ का तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था।

पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में पिछले 24 घंटों में बारिश होने से सोमवार को क्षेत्र का न्यूनतम तापमान काफी बढ़ गया।

अमृतसर का न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 10.4 डिग्री सेल्सियस था, जबकि एक महीने पहले यह शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। अमृतसर में 24 घंटे के दौरान 27 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

लुधियाना एवं पटियाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 10.7 डिग्री सेल्सियस था। चण्डीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 13.4 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस था।

हरियाणा के हिसार, भिवानी और रोहतक में अधिकतम तापमान क्रमश: 26.1, 24.6 और 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में तो यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब एवं हरियाणा के कुछ भागों में बारिश की सम्भावना व्यक्त की है।