बारिश से सराबोर दिल्ली, अगले 2 और दिन राहत की उम्मीद नहीं

बारिश से सराबोर दिल्ली, अगले 2 और दिन राहत की उम्मीद नहीं

नई दिल्ली:

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को चौथे दिन भी लगातार बारिश जारी है। सुबह से ही तेज बारिश के कारण लोगों का घरों से निकलना मुहाल हो गया। हालांकि रविवार की छुट्टी होने के कारण लोग इस बारिश का अपने-अपने अंदाज में लुत्फ ले रहे हैं। लेकिन जिन लोगों के ऑफिस रविवार को भी खुले रहते हैं उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह पानी जमा होने से परेशानी और बढ़ गई है। बारिश तो थम नहीं रही और तेजी से निकलती गाड़ियां सड़क पर पैदल या दोपहिया वाहन से गुजर रहे लोगों को गंदे पानी से तर-ब-तर कर जाती हैं।

इससे पहले शनिवार को भी लगातार तीसरे दिन भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलजमाव हो गया और कई जगहों पर लोगों को यातायात संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस मौसम में अब तक बारिश का यह उच्चतम स्तर रहा है। मौसम विभाग ने अगले रविवार और सोमवार को भी भारी बारिश की भविष्यवाणी की है और शनिवार जैसा ही मौसम रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह 8.30 बजे तक 68.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगे और बारिश होने के आसार जताए हैं।

एक अधिकारी ने बताया, 'आसमान बादलों से घिरा रहेगा, तथा अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर तथा कुछ स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश होगी।'

न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं। वातावरण में आद्रता सुबह 8.30 बजे 98 फीसदी दर्ज की गई।

शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 27.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम सामान्य से चार डिग्री कम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह से शनिवार शाम तक दिल्ली में 147.8 मिमी बारिश हुई है और लगातार फुहारें पड़ती रही हैं, जिससे तापमान में काफी गिरावट आई है। पिछले चार दशकों में जुलाई महीने का यह सबसे कम तापमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक बी.पी. यादव ने कहा, ‘दिल्ली में 147.8 मिमी बारिश हुई है जो इस मौसम में अब तक की सबसे ज्यादा बारिश है। बहरहाल, कोई रिकॉर्ड नहीं टूटा है।’ शनिवार का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम यानी 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अगले दो दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक, ‘आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में थम-थमकर बारिश होती रहेगी और गरज के साथ छींटे भी पड़ते रहेंगे। अगले 48 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।’ मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।’
इनपुट : एजेंसियों से भी