विज्ञापन
This Article is From Nov 05, 2021

BJP सांसद ने कहा 'बेरोजगार दारूबाज' तो गुस्साए किसानों ने की नारेबाजी, तोड़ दिए कार के शीशे

राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा नारनौंद में जांगड़ा समाज के धर्मशाला का शुभारंभ करने के लिए पहुंचे थे.

पुलिस ने कुछ किसानों को हिरासत में लिया
हिसार:

बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा  (Ram Chander Jangra) को शुक्रवार को किसानों का भीषण विरोध झेलना पड़ा. किसानों के एक समूह ने हरियाणा के हिसार जिले में बीजेपी सांसद को काल झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की. जांगड़ा यहां एक धर्मशाला का उद्घाटन करने आए थे. जैसे ही किसानों को इस बात की भनक लगी, वे वहां पहुंचकर बीजेपी के सांसद के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. इस दौरान, किसानों और पुलिस के बीच झड़प में बीजेपी सांसद की कार का शीशा भी टूट गया.  

इस दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था. पुलिस और किसानों के बीच कई बार हल्की झड़प भी हुई. किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने चारों तरफ बैरिकेड लगाकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हुए थे. हालांकि, किसानों की संख्या ज्यादा होने के चलते पुलिस उन पर कंट्रोल नहीं कर सकी. 

READ ALSO: 'जब सरकार 5 साल चल सकती है तो किसान आंदोलन क्यों नहीं?': राकेश टिकैत

कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार किसान पंडाल में जा पहुंचे और सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. एक तरफ सांसद के जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे थे. वहीं दूसरी तरफ किसान मुर्दाबाद के नारे लगाकर उनका विरोध कर रहे थे.

उग्र किसानों ने सांसद की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए. सांसद ने प्रशासन से मांग की है कि जिन लोगों ने उनके साथ ऐसा व्यवहार किया है वह उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें. पुलिस ने इस मामले में कुछ किसानों को हिरासत में लिया है. किसान आगे की रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं.

बीजेपी सांसद को रोहतक में गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान भी इसी तरह का प्रदर्शन झेलना पड़ा था. एक कार्यक्रम में सांसद के बयान पर बवाल मचा हुआ है. उन्होंने किसानों को "बेरोजगार शराबी" कहते हुए जोर दिया था कि विरोध करने वालों में से कोई भी किसान नहीं था.

किसानों द्वारा सर्कुलेट किए गए एक वीडियो में वह संवाददाताओं से कहते हैं, "कृषि कानूनों का कोई विरोध नहीं है. विरोध करने वाले गांवों के बेरोजगार शराबी हैं. वे खराब लोग हैं, जो इस तरह की हरकतें करते रहते हैं. हाल ही में सिंघु बॉर्डर पर कुछ निहंगों द्वारा एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या ने इन बुरे लोगों को सबके सामने उजागर कर दिया है. वे किसान नहीं हैं, केवल बुरे तत्व हैं जिनका अब आम लोग भी विरोध कर रहे हैं. मैं नियमित रूप से दिल्ली जाता रहता हूं और देखता हूं कि ज्यादातर टेंट खाली हैं. बहुत जल्द इस समस्या का समाधान हो जाएगा."

PM के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के दौरान हंगामा
वहीं, रोहतक के किलोई गांव के प्राचीन शिव मंदिर के पास भाजपा नेता और किसान आमने-सामने आ गए, जिसे देखते हुए  पुलिस फोर्स तैनात किया गया है. उत्तराखंड में केदारनाथ धाम पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूजा दर्शन समेत कई शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हो रहा था. सूचना मिलने पर मंदिर के बाहर किसान एकत्रित हुए और विरोध किया.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Chander Jangra, Farmers Protest, Farm Law Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com