यह ख़बर 24 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

गुजरात पुलिस बल में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा

फाइल फोटो

गांधीनगर:

गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को राज्य पुलिस बल में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की।

पटेल ने आज कहा 'समाज में महिलाओं की स्थिति बेहतर करने के लिए उन्हें सशक्त बनाने की जरूरत है। इसलिये हमारी सरकार ने पुलिस भर्ती में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया है।'

गांधीनगर के करई में स्थित गुजरात पुलिस अकादमी में 97 सशस्त्र पुलिस उपनिरीक्षकों (पीएसआइ) और 39 खुफिया अधिकारियों (आईओ) की पासिंग आउट परेड में भाग लेने के बाद पटेल मीडिया से मुखातिब थीं।

अकादमी में प्रशिक्षित अधिकारियों को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में गुजरात में अपराध दर सबसे कम है।

गुजरात में बेहतर वातावरण बनाये रखने के लिए गुजरात पुलिस की प्रशंसा करते हुए पटेल ने कहा 'विकास के लिए शांति और सांप्रदायिक सौहार्द सबसे जरूरी है। गुजरात में पिछले दस साल में कोई बड़ा सांप्रदायिक संघर्ष नहीं हुआ जिसके कारण हम तेजी से विकास कर सके। गुजरात भारत का सबसे सुरक्षित राज्य है।'

पटेल ने कहा ''हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'रक्षा शक्ति' के सुदृढ़करण पर बल दिया है। हमारे पास इस दिशा में समर्पित तीन विश्वविद्यालय रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय, फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और कानून विश्वविद्यालय है।''

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा ''इस अकादमी ने पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गोवा सरकार ने अपने 87 नए पुलिस उपनिरीक्षकों को प्रशिक्षण के लिए यहां भेजा है।''