विज्ञापन
This Article is From Nov 05, 2013

गोवा मामले पर नाइजीरियाई दूत के संपर्क में है सरकार

गोवा मामले पर नाइजीरियाई दूत के संपर्क में है सरकार
नई दिल्ली:

विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि वह एक नाइजीरियाई नागरिक की हत्या के बाद पणजी में हुए झड़प के संदर्भ में नाइजीरियाई उच्चायोग एवं गोवा सरकार के संपर्क में है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने अपने ट्विटर खाते पर की गई टिप्पणी में कहा, "हम इस संदर्भ में नाइजीरियाई उच्चायोग तथा गोवा सरकार के संपर्क में हैं। अबूजा में हमारे उच्चायोग ने विदेश मंत्रालय से संपर्क किया।"

अकबरुद्दीन ने स्पष्ट करते हुए यह भी कहा, "किसी भी कूटनीतिक बातचीत में किसी तरह की चेतावनी का आदान-प्रदान नहीं हुआ है।"

नाइजीरियाई वाणिज्यिक दूतावास के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा था कि गोवा में यदि पुलिस नाइजीरियाई नागरिकों को उनके घरों से निकालना बंद नहीं करेगी तो उनके देश में रह रहे हजारों भारतीय नागरिकों को 'सड़कों पर फेंक दिया जाएगा'।

गोवा में राज्य सरकार हालांकि वैध वीजा के बिना रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें निर्वासित करने की कोशिश कर रही है।

नाइजीरियाई वाणिज्यिक दूत के सहयोगी जैकब नवाडाडिया ने सोमवार को पणजी में कहा था, "भारत में सिर्फ 50 हजार नाइजीरियाई नागरिक रह रहे हैं, लेकिन नाइजीरिया में 10 लाख भारतीय नागरिक प्रवास पर हैं। यदि गोवा में पुलिस नाइजीरियाई नागरिकों को जबरन बेदखल करना बंद नहीं करती है, तो नाइजीरिया में हजारों भारतीयों को सड़कों पर फेंक दिया जाएगा।"

नाइजीरिया ने अपने नागरिकों की सुरक्षा के संबंध में अपनी चिंता से भारत सरकार को औपचारिक तौर पर भी अवगत कराया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारत, नाइजीरिया, गोवा मामला, नाइजीरियाई उच्चायोग, नाइजीरियाई नागरिक की हत्या, India, Nigeria, Murder Of Nigerian
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com