जल्द भारत लौटेगी गीता, DNA टेस्ट के बाद परिवार को सौंपा जाएगा : सुषमा स्वराज

जल्द भारत लौटेगी गीता, DNA टेस्ट के बाद परिवार को सौंपा जाएगा : सुषमा स्वराज

नई दिल्ली:

गलती से सरहद पार पहुंची गीता जल्द भारत लौटेंगी। विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने यह जानकारी देते हुए कहा कि गीता के परिवार का पता चल गया है और डीएनए टेस्ट के बाद ही गीता को परिवार को सौंपा जाएगा।

गीता ने अपने परिवार को पहचाना
भारतीय दूतावास ने गीता के परिवार का पता लगाया है। वह बिहार से है और बोल और सुन नहीं सकती। 2 अक्तूबर को भारतीय दूतावास की भेजी हुई तस्वीर में गीता ने अपने परिवार के सदस्यों को पहचाना और आने वाले कुछ दिनों में गीता को कराची से नई दिल्ली लाया जाएगा।

कबीर खान और सलमान खान ने भी की मदद की कोशिश
गीता को पाकिस्तान की मशहूर समाज सेविका बिलकिस एधी ने पाला और उसे गीता नाम दिया और आज 23 साल की गीता इसी नाम से जानी जाती है। फिल्म 'बजरंगी भाईजान' से गीता की कहानी काफी मिलती जुलती है। जैसे कबीर खान के बजरंगी भाईजान ने शाहिदा को घर पहुंचाया, ठीक वैसे ही निर्देशक कबीर खान और सलमान खान तक ने गीता की मदद करनी चाही।

सीमा पार करके गलती से पाकिस्तान में दाखिल हुईं गीता
ऐसा माना जाता है कि गीता बचपन में गलती से सीमा पार करके पाकिस्तानी क्षेत्र में दाखिल हो गई थी। यहां मिलने वाली खबरों के अनुसार, आज से 15 साल पहले जब लाहौर रेलवे स्टेशन पर वह पाकिस्तानी रेंजर्स को मिली, तब उसकी उम्र सात-आठ साल थी। फिलहाल वह कल्याणार्थ संस्था ईदी फाउंडेशन के संरक्षण में है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

चार परिवारों ने किया गीता के बेटी होने का दावा
पंजाब, बिहार, झारखंड और उत्तरप्रदेश के चार परिवारों ने दावा किया था कि गीता उनकी बेटी है, लेकिन अब गीता ने अपने परिवार को पहचान लिया है।