विज्ञापन
This Article is From Dec 30, 2020

दिल्ली के पूर्व मंत्री की बेटी को पिता के आवास से मुक्त करायाः दिल्ली महिला आयोग

आयोग ने एक बयान में बताया कि शिकायतकर्ता ने एक पत्र के जरिए मदद मांगी थी और अधिकारियों से उन्हें उनके मायके से मुक्त कराने का आग्रह किया था.

दिल्ली के पूर्व मंत्री की बेटी को पिता के आवास से मुक्त करायाः दिल्ली महिला आयोग
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

दिल्ली महिला आयोग ने मंगलवार का कहा कि उसने कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे राजकुमार चौहान के पश्चिम विहार स्थित आवास से सोमवार रात उनकी बेटी को मुक्त कराया है. चौहान चार बार विधायक रह चुके हैं और शीला दीक्षित सरकार में मंत्री थे. आयोग ने एक बयान में बताया कि शिकायतकर्ता ने एक पत्र के जरिए मदद मांगी थी और अधिकारियों से उन्हें उनके मायके से मुक्त कराने का आग्रह किया था. बयान के मुताबिक, महिला ने लिखा था कि उन्हें कैद कर रखा जा रहा है और उनके पिता एवं भाई उन्हें बुरी तरह से पीटते हैं. बयान में बताया गया है कि शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आयोग की टीम बताए गए पते पर दिल्ली पुलिस के साथ पहुंची.

वहां महिला ने टीम को बताया कि 1999 में उनकी शादी हुई थी और वह अपने पति से मतभेद के चलते, 10 साल से दिल्ली में अपने मायके में रह रही हैं. महिला की दो बेटियां हैं. बयान में बताया कि महिला का चंडीगढ़ की एक अदालत में तलाक का मामला लंबित है. महिला का आरोप है कि उनके पिता नहीं चाहते हैं कि मामले का निपटान हो और उनके पति ने दूसरी शादी कर ली है. आयोग और पुलिस महिला को मुक्त कराकर पश्चिम विहार वेस्ट थाने ले गई. बयान में बताया गया है कि दिल्ली पुलिस ने सिर्फ रोजनामचा (डीडी एंट्री) दर्ज किया है.

आयोग ने पुलिस को नोटिस जारी कर प्राथमिकी दर्ज नहीं करने के कारण पूछे हैं. पूर्व विधायक चौहान ने इन आरोपों से इनकार किया है. पुलिस के मुताबिक, आयोग ने सोमवार को पीसीआर कॉल की थी और कहा था कि उसे घरेलू हिंसा के एक मामले में पुलिस की मदद चाहिए. इसके बाद आयोग और पुलिस की टीम शिकायतकर्ता से मिली. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता अपनी दो बेटियों के साथ अपने पिता के घर में अलग मंजिल पर रहती हैं. महिला ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी बेटियों ने उनका खंडन किया है.

Video: दिल्ली महिला आयोग की टीम ने रुकवाया बाल विवाह

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Women Commission, Swati Maliwal DCW, Rajkumar Chauhan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com