नौसेना के दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान डोर्नियर के को-पायलट का शव मिला

डोर्नियर एयरक्राफ्ट की फाइल तस्वीर

पणजी:

भारतीय नौसेना के विमान डोर्नियर-228 के मंगलवार रात गोवा के नजदीक अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से लापता इसके को-पायलट लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी का शव शुक्रवार को बरामद कर लिया गया।

नौसेना के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लेफ्टिनेंट नागोरी का शव विमान के मध्य हिस्से से बरामद किया गया। इसे गोवा ले जाया गया है।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सितांशु कर ने ट्वीट किया कि विमान का कॉकपिट व्यॉइस रिकार्डर भी बरामद कर लिया गया है, जिसके बाद तलाशी व बचाव अभियान बंद कर दिया गया है।

इससे पहले गुरुवार को विमान की पर्यवेक्षक लेफ्टिनेंट किरण शेखावत का शव भी विमान के इसी हिस्से से बरामद किया गया था। हालांकि विमान के चालक कमांडर निखिल कुलदीप जोशी को हादसे के बाद कारवर क्षेत्र में मछुआरों ने बचा लिया था।

नौसेना का विमान डोर्नियर-228 गोवा तट से दूर अरब सागर में मंगलवार रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे के समय विमान में पायलट सहित नौसेना के तीन कर्मचारी सवार थे।

नौसेना के जल सर्वेक्षण पोत आईएनएस मकर ने अपने साइड स्कैन सोनार की मदद से दुर्घटनाग्रस्त विमान के इस मध्य हिस्से का गुरुवार को पता लगाया था, जिसके बाद इलाके में आईएनएस मतंग को नौसेना के गोताखोरों के साथ क्षेत्र की ओर रवाना किया गया था। इसके बाद, गोताखोरों के साथ आईएनएस मतंग को उस इलाके में भेजा गया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भारतीय नौसेना खोज, बचाव, समुद्री सर्विलांस जैसे कार्यो के लिए 36 डोर्नियर-228 विमानों का संचालन करती है। नौसेना में इन्हें वर्ष 1990 के दशक के शुरुआती वर्षो में शामिल किया गया था। उसके बाद से यह डोर्नियर विमान का पहला हादसा है।