यह ख़बर 04 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

द्रमुक विरोध प्रदर्शन : कनिमोई और स्टालिन ने दी गिरफ्तारी

खास बातें

  • अन्नाद्रमुक सरकार के खिलाफ ‘जेल भरो आंदोलन’ के तहत द्रमुक प्रमुख एम करुणानिधि के बेटे एमके स्टालिन तथा बेटी कनिमोई ने पार्टी के शीर्ष नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ आज तमिलनाडु भर में गिरफ्तारियां दीं
चेन्नई:

अन्नाद्रमुक सरकार के खिलाफ ‘जेल भरो आंदोलन’ के तहत द्रमुक प्रमुख एम करुणानिधि के बेटे एमके स्टालिन तथा बेटी कनिमोई ने पार्टी के शीर्ष नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ आज तमिलनाडु भर में गिरफ्तारियां दीं। ये लोग पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ ‘झूठे मामले’ दायर किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री दयानिधि मारन तथा टीआर बालू ने भी गिरफ्तारी दी। इस प्रदर्शन को स्टालिन ने काफी सफल बताया।

2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में आरोपी कनिमोई अन्नाद्रमुक सरकार की ‘बदले की राजनीति’ को लेकर खूब बरसीं और उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं को बिना किसी सबूत के गिरफ्तार किया जा रहा है।

राज्यसभा सदस्य कनिमोई को इससे पूर्व दिल्ली की विशेष अदालत ने इस प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति दी थी।

करुणानिधि ने कहा था कि इस प्रदर्शन में द्रमुक के 50 हजार से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे।

द्रमुक की हाल ही में हुई एक आपात बैठक में वरिष्ठ पार्टी नेताओं की गिरफ्तारियों की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया गया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रदेश में पिछले साल अन्नाद्रमुक की सरकार आने के बाद से पार्टी के कई नेताओं को गिरफ्तार कर जेल में बंद किया गया है जिनमें वीरापांदी एस अरूमुगुम भी शामिल हैं जो इस समय गुंडा एक्ट के तहत बंद हैं। इसके अलावा के एन नेहरू, के पोनमुदी, केपीपी सामी, आई पेरीसामी और जे अनबझगन को भूमि कब्जाने तथा हत्या के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था।